नागपुर के लोधीपुरा में फ्रिज की दुकान जली, पास के दो घरों का सामान भी खराब
लोधीपुरा के सीए रोड पर रविवार सुबह अल कौसर रेफ्रिजरेटर दुकान में आग लगी। 6 दमकल वाहनों ने करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर के लोधीपुरा में रविवार सुबह एक रेफ्रिजरेटर की दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें दुकान के पास के दो घरों तक पहुंच गईं।
दमकल विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सीए रोड पर गीतांजलि टॉकीज के पास अल कौसर रेफ्रिजरेटर नाम की दुकान है। दुकान के मालिक मोहम्मद अश्फाक, मोहम्मद अतीक और अब्दुल लतीक अंसारी हैं। रविवार सुबह करीब 8.30 बजे दुकान से धुआं निकलता दिखा और देखते ही देखते आग भड़क गई।
दुकान में फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन समेत और भी सामान रखा था। आग ने कुछ ही देर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी बड़ी थीं कि दूर से दिखाई दे रही थीं। आग फैलते देख इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दमकल विभाग को घटना की खबर दी। सूचना मिलते ही सिविल फायर स्टेशन, लकड़गंज, वाठोड़ा, सक्करदरा और सुगतनगर फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड को मौके के लिए रवाना किया गया। एक के बाद एक कुल 6 दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचे।
दमकल जवानों को आग पर काबू पाने में करीब 3 घंटे से ज्यादा की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान दुकान में रखा फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन और बाकी सामान जलकर राख हो गया। पड़ोस के घरों तक लपटें पहुंचने से वहां का बेड, चेयर, फर्नीचर, एसी, तिरपाल और दूसरा सामान भी खराब हो गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
सूत्रों ने बताया कि हादसे के वक्त दुकान के आसपास की सड़कों पर काफी अतिक्रमण था। इसकी वजह से दमकल के जवानों को आग बुझाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अतिक्रमण के कारण आग बुझाने में देरी हुई और नुकसान काफी बढ़ गया। सूत्रों के मुताबिक अगर अतिक्रमण नहीं होता तो आग पर जल्दी काबू पाया जा सकता था और नुकसान काफी हद तक टाला जा सकता था।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।