बुधवार, 4 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

नागपुर के बाजारों में दिवाली की मिठाइयों की खरीदारी तेज, शुगर-फ्री और फ्यूजन की मांग

नागपुर के बाजारों में दिवाली की मिठाइयों की खरीदारी तेज, शुगर-फ्री और फ्यूजन की मांग तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कारोबार PT24 टीम

दिवाली करीब आते ही संतरानगरी की मिठाई दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। ग्राहक शुद्धता देख रहे हैं और FDA ने खाद्य प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चला रखा है।

दिवाली नजदीक आते ही संतरानगरी नागपुर के बाजारों में अलग ही रौनक दिख रही है। यह पर्व सिर्फ दीयों की जगमगाहट का नहीं है। इस मौके पर लोग एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर रिश्तों में मिठास भी घोलते हैं। इसी वजह से मिठाइयों की खरीदारी शहर में तेज हो गई है।

दिवाली पर मिठाई का कारोबार बहुत बड़े पैमाने पर होता है, और त्योहार जैसे जैसे पास आ रहा है, मांग भी बढ़ती जा रही है। लोग अपने करीबियों, रिश्तेदारों, दोस्तों और जान पहचान वालों के लिए मिठाई के बॉक्स खरीद रहे हैं। मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों के बाहर लोगों की कतार लग रही है। अपनों को बधाई देने के पारंपरिक तरीकों में मिठाई के डिब्बों का आदान-प्रदान सबसे खास माना जाता है।

धंतोली, सीताबर्डी, धरमपेठ, इतवारी, सदर, महल, कमाल चौक, जरीपटका और लक्ष्मीनगर जैसे प्रमुख बाजारों में इन दिनों ग्राहकों की जबर्दस्त भीड़ है। लोग शुभकामनाओं के साथ अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और करीबियों के घर मिठाई के पैकेट भेज रहे हैं। कॉर्पोरेट सेक्टर से लेकर पारिवारिक आयोजनों तक, हर कोई अपने खास लोगों को मिठाई के गिफ्ट पैक और ड्राई फ्रूट्स के डिब्बे भेंट कर रहा है।

मिठाई के कारोबार में इस बार एक और बड़ा बदलाव दिख रहा है। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन यानी FDA लगातार सतर्कता बरत रहा है। इसके बीच ग्राहक भी शुद्धता को लेकर काफी जागरूक नजर आ रहे हैं। लोग सस्ते और मिलावटी सामान की जगह ब्रांडेड आउटलेट्स, प्रतिष्ठित हलवाइयों और पारंपरिक कारीगरी वाली दुकानों से प्रीमियम क्वालिटी की मिठाइयां खरीदना पसंद कर रहे हैं। मावे की शुद्धता जांचने और पैक्ड आइटम की एक्सपायरी डेट देखने के बाद ही डिब्बे पैक कराए जा रहे हैं।

नागपुर के हलवाई इस त्योहारी सीजन में ग्राहकों की पसंद का खास ख्याल रख रहे हैं। काजू कतली, मोतीचूर के लड्डू, मिल्क केक और गुलाब जामुन जैसी पारंपरिक मिठाइयों की मांग हमेशा की तरह सबसे ऊपर है। लेकिन इस बार बाजार में फ्यूजन स्वीट्स और शुगर-फ्री मिठाइयों का क्रेज भी चरम पर है। अंजीर कतली, बदाम बास्केट और चॉकलेट फ्लेवर वाली आधुनिक मिठाइयों के साथ कस्टमाइज्ड गिफ्ट हैंपर्स की मांग ने कारोबार को नया आयाम दे दिया है। कारीगरों का कहना है कि एडवांस बुकिंग और बल्क ऑर्डर्स की वजह से उन्हें दिन-रात मिठाइयां तैयार करनी पड़ रही हैं।

FDA नागपुर के सहआयुक्त कृष्णा जयपुरकर ने कहा कि त्योहार के मौके पर मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है और इसका फायदा उठाकर बाजार में मिलावटखोरी की संभावना भी रहती है। उनके मुताबिक नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, ताकि उन्हें सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिलें, FDA नियमित रूप से जांच कर रहा है। उन्होंने बताया कि दिवाली पर विशेष जांच अभियान शुरू है, जिसके तहत खाद्य प्रतिष्ठानों में रोजाना निरीक्षण के लिए टीम पहुंच रही है।

#नागपुर#कारोबार#PT24#Business#Nagpur

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे