गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

नागपुर ग्रामीण पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 143 किलो से ज्यादा डोडा पाउडर जब्त

जुर्म PT24 टीम

नागपुर-वर्धा मार्ग पर बोलेरो से शुरू हुई कार्रवाई ढाबे तक पहुंची; राजस्थान के तीन आरोपी गिरफ्तार, 39.25 लाख रुपये का माल जब्त

नागपुर : नागपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 143 किलो से अधिक डोडा पाउडर जब्त किया है। नागपुर-वर्धा मार्ग पर बोलेरो से शुरू हुई जांच के बाद पुलिस ने वर्धा जिले के कारंजा घाडगे स्थित एक ढाबे पर छापा मारा। इस कार्रवाई में ढाबा मालिक और उसके कर्मचारी समेत राजस्थान के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल करीब 39.25 लाख रुपये का माल जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को नागपुर ग्रामीण पुलिस के अंमली पदार्थ विरोधी पथक और बुटीबोरी पुलिस की संयुक्त टीम बोरी थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान वर्धा-बुटीबोरी मार्ग पर हलदगांव बस स्टॉप के पास राजस्थान पासिंग की एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो को रोका गया। तलाशी में चालक महेंद्र झुमरराम खदाव के पास से 1 किलो 123 ग्राम डोडा पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने बोलेरो, मोबाइल और नशीले पदार्थ सहित 10.27 लाख रुपये का माल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में महेंद्र ने बताया कि उसने यह डोडा पाउडर वर्धा जिले के कारंजा घाडगे स्थित चौधरी राजस्थानी ढाबे के मालिक पप्पू चौधरी से खरीदा था। पुलिस ने मोबाइल में मिले यूपीआई भुगतान के सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

इसके बाद 11 नवंबर को पुलिस ने ढाबे पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से 142 किलो डोडा पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने ढाबा मालिक पप्पू मोडाराम चौधरी और उसके सहयोगी हडमानराम चिमाणराम सारण को गिरफ्तार कर लिया। हडमानराम ढाबे पर कुक का काम करता था।

ढाबे से बरामद नशीले पदार्थ के अलावा दो मोबाइल, मिक्सर मशीन, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, कैलकुलेटर और नकदी भी जब्त की गई। इस कार्रवाई में करीब 28.98 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपी राजस्थान के निवासी हैं। अब पुलिस इस नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। नशीला पदार्थ कहां से लाया जाता था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसका पता लगाया जा रहा है।

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन