मुंबई एयरपोर्ट से 25 अक्टूबर से हफ्ते की 265 इंटरनेशनल उड़ानें घट सकती हैं
टर्मिनल 1 के पुनर्विकास की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल उड़ानों में कटौती की योजना है।
मुंबई एयरपोर्ट से विदेश जाने वाले मुसाफिरों के लिए यह खबर अहम है। टर्मिनल 1 के पुनर्विकास के काम की वजह से हर हफ्ते की करीब 265 इंटरनेशनल उड़ानें कुछ समय के लिए रोकने की योजना है। यह बदलाव 25 अक्टूबर से लागू होने की संभावना है। अक्टूबर के आखिर में सफर करने वालों को इससे गड़बड़ी झेलनी पड़ सकती है।
एयरपोर्ट चलाने वाली मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (MIAL) ने 46 एयरलाइंस को बताया है कि इंटरनेशनल उड़ानों में कटौती होगी। अभी टर्मिनल 2 से हर हफ्ते करीब 770 इंटरनेशनल उड़ानें चलती हैं। प्रस्ताव के मुताबिक इनमें से 265 उड़ानें कुछ वक्त के लिए कम की जा सकती हैं। टर्मिनल 1 का इस्तेमाल ज्यादातर घरेलू उड़ानों के लिए होता है, जबकि इंटरनेशनल उड़ानें टर्मिनल 2 से चलती हैं।
योजना यह है कि इंटरनेशनल उड़ानों के कुछ स्लॉट कम होने के बाद टर्मिनल 2 की खाली सुविधाएं घरेलू एयरलाइंस को दी जाएं। टर्मिनल 1 से शिफ्ट होने वाले मुसाफिरों की सहूलियत के लिए ऐसा किया जा रहा है। MIAL के मुताबिक यह बदलाव हर साल करीब 50 लाख घरेलू मुसाफिरों को संभालने के मकसद से किया गया है। इसके लिए चेक-इन काउंटर, बैगेज बेल्ट और बोर्डिंग गेट घरेलू एयरलाइंस को मिलेंगे।
कटौती का असर कई बड़ी एयरलाइंस पर पड़ सकता है। इंडिगो की मुंबई से हर हफ्ते की 224 इंटरनेशनल उड़ानों में से 74 पर असर होगा। एयर इंडिया अपनी 100 हफ्तावार इंटरनेशनल सेवाओं में से 33 कम करने की योजना बना रही है। आकासा एयर की 11, एयर इंडिया एक्सप्रेस की 7 और स्पाइसजेट की 5 हफ्तावार इंटरनेशनल उड़ानें भी घट सकती हैं। इतिहाद एयरवेज और एमिरेट्स की 10-10 हफ्तावार सेवाओं पर भी असर पड़ने की खबर है।
इस बीच मुंबई एयरपोर्ट से इंटरनेशनल उड़ानें नवी मुंबई एयरपोर्ट शिफ्ट करने को लेकर एयरलाइंस और एयरपोर्ट ऑपरेटर के बीच मतभेद भी हैं। एयरलाइंस ने डिमांड और कनेक्टिविटी समेत कई व्यावहारिक दिक्कतों पर चिंता जताई है। इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) ने इस मामले में नागरी विमानन मंत्रालय से दखल देने की गुजारिश की है।
IATA का कहना है कि इतने बड़े बदलाव के लिए एयरलाइंस समेत सभी संबंधित पक्षों के साथ साफ और आपसी सहमति से तय की गई योजना जरूरी है। टर्मिनल 1 के पुनर्विकास का काम जनवरी 2027 में शुरू होना है। इसलिए आने वाले महीनों में मुंबई और नवी मुंबई एयरपोर्ट के बीच उड़ानों में और बदलाव की उम्मीद है।