नाबालिग बेटी ने क्रूर पिता को उतारा मौत के घाट
नशे में देता था यातनाएं, एमआईडीसी में वारदात
नागपुर.
शराब के नशे में क्रूरता बरतनेवाले पिता को नाबालिग छात्रा ने मौत के घाट उतार दिया. यह वारदात नागपुर के एमआईडीसी थाने के तहत बहुजन नगर में हुई. पीड़ित 17 वर्षीय नाबालिग बारहवी की छात्रा है. उसके परिवार में माता-पिता और छोटा भाई है. मृतक 45 वर्षीय जयपाल को शराब की लत थी. वह अमुमन रोज ही शराब के नशे में घर आता था. इसके बाद बेटी और पत्नी को गालियां देकर प्रताड़ित करता था. नाबालिग बेटी से मारपीट करके अभद्र बर्ताव भी करता था. नाबालिग बारहवी की छात्रा है. पति शराबी होने से नाबालिग की मां घरेलु नौकरानी का काम करके बच्चों का लालन-पालन करती थी. पति की रोज-रोज की यातनाओं से वह भी त्रस्त हो गई थी.
5 अक्तूबर की रात जयपाल नशे की अवस्था में घर पहुंचा. वह रात 12 बजे विवाद करते हुए बेटी को गालियां देने लगा. उसने बेटी से अभद्र बर्ताव भी किया. बेटी द्वारा विरोध करने पर जयपाल भड़क गया. जिसके बाद दोनों में विवाद होने लगा. नाबालिग बेटी के अनुसार विवाद के दौरान जयपाल उससे मारपीट करने लगा. संतप्त होकर उसने लकड़ी की बैट से पिता की सिर पर वार कर दिया. गंभीर रूप से जख्मी जयपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. नाबालिग बेटी ने ही 112 नंबर पर कॉल करके घटना की जानकारी दी. इसके बाद एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची. जयपाल का शव अस्पताल पहुंचाया गया. बेटी और पत्नी जयपाल की यातनाओं से त्रस्त होने का बता रही है. बेटी नाबालिग होने से पुलिस जांच में संयम बरत रही है. हत्या का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई है.