लूटपाट करते हुए पकड़े गए युवक की संदिग्ध मौत
मारपीट से जान जाने की चर्चा, बेलतरोडी थाना परिसर में वारदात, शहर पुलिस में खलबली
नागपुर.
डिलीवरी ब्वॉय बनकर घर में वृद्धा को दिनदहाड़े लूटनेवाले अपराधी प्रवृति के युवक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है. जानकार मारपीट से युवक की मौत होने का बता रहे है जबकि पुलिस इससे इन्कार कर रही है. इस घटना से शहर पुलिस में खलबली मची हुई है. यह वारदात मंगलवार की दोपहर बेलतरोडी थाने के तहत पृथ्वीराज सोसायटी में हुई. मृतक नरसाला निवासी 28 वर्षीय सुमेध राजेंद्र गजभिये बताया जाता है. उसका साथी दीपक पाटील भी जख्मी हो गया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुमेध चोरी के अपराध में लिप्त है. वह मंगलवार दोपहर 2.30 बजे अपने साथी दीपक पाटील के साथ बाईक पर सवार होकर पृथ्वीराज सोसायटी पहुंचा. उन्होंने 61 वर्षीय उषा देवीदास धार्मिक के घर पर दस्तक दी. दोनों ने फूड डिलीवरी ब्वॉय जैसी टी-शर्ट पहन रखी थी. उन्होंने पार्सल देने के बहाने उषा को दरवाजा खोलने को कहा. उन्हें डिलीवरी ब्वॉय समझकर उषा ने दरवाजा खोल दिया. दरवाजा खुलते ही सुमेध गजभिये घर के दाखिल हुआ. उसका साथी दीपक पाटील बाहर मौजूद था. सुमेध उषा धार्मिक को चाकू दिखाकर धमकाने लगा. उसने चेन छीनने का प्रयास किया. उषा शोर मचाने लगी. उनकी आवाज सुनकर घर में मौजूद बेटा मदद के लिए आया. उसने सुमेध को पकड़ लिया. मदद के लिए पड़ोसियों को आवाज लगाई. उनके पड़ोसी भी दौड़ पड़े. घटना का पता चलने पर परिसर के नागरिक भी इकट्ठा हो गए. उन्होंने सुमेध और दीपक को घेर लिया. दिनदहाड़े लूटपाट किए जाने का पता चलने से नागरिक गुस्से में आ गए.
घटना का पता चलने पर बेलतरोडी पुलिस मौके पर पहुंची. वह सुमेध को पुलिस स्टेशन ले आई. पुलिस का कहना है कि आरंभिक पूछताछ में वारदात की कबूली देते हुए सुमेध ने लूट का माल अपने साथी को सौंपने का बताया. इसके बाद उसे मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया. वहां सुमेध बेहोश हो गया. जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. जोन चार की डीसीपी रश्मिता राव ने बताया कि सुमेध को जब पुलिस ने अपने कब्जे में लिया था उस वक्त उसके शरीर पर कोई जख्म नजर नहीं आ रहा था. उससे मारपीट करने के सबूत नहीं मिलें है. बेलतरोडी थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने नागरिकों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।