बेलतरोड़ी में लूट के आरोपी की मौत हार्ट अटैक से, पुलिस को मारपीट के सबूत नहीं मिले
नागपुर के पृथ्वीराजनगर में लूट के बाद पकड़े गए आरोपी की मौत पर डीसीपी रश्मिता राव ने कहा कि मारपीट के सबूत नहीं मिले।
नागपुर जिले के बेलतरोड़ी थाने के तहत आने वाले पृथ्वीराजनगर में लूट के बाद एक आरोपी की मौत हो गई। कहा जा रहा था कि भीड़ ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की थी। इस मामले से पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था।
अब पुलिस को राहत मिली है। पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टर ने प्राथमिक जानकारी दी है कि आरोपी की मौत हार्ट अटैक से हुई। डीसीपी रश्मिता राव ने साफ किया कि लूट की वारदात तो जरूर हुई है, लेकिन ऐसी मारपीट के कोई सबूत परिसर में नहीं मिले हैं, जिससे लुटेरे की जान चली जाए।
वारदात मंगलवार दोपहर की है। पृथ्वीराजनगर में रहने वाली उषा धार्मिक के घर 2 लोग स्विगी डिलीवरी की टी-शर्ट पहनकर पार्सल देने के बहाने घुसे। आरोपियों ने उषा की गर्दन पर बड़ा चाकू लगा दिया और सोने के जेवर निकालकर देने को कहा।
उसी दौरान उनकी बहू को भी धमकाया गया। बहू बच्चों का हवाला देकर कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। उसने अपने पति को घटना की जानकारी दी। इधर आरोपियों ने उषा का मंगलसूत्र झपट लिया। उसका आधा हिस्सा उनके हाथ लगा और दोनों फरार हो गए।
उषा के बेटे घर पहुंचे और परिसर के लोगों के साथ मिलकर आरोपियों को ढूंढने लगे। परिसर में ही सुमेध राजेंद्र गजभिए (28) और दीपक पाटिल को पकड़ लिया गया। बताया जाता है कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट भी की।
इसके बाद दीपक फरार हो गया, लेकिन सुमेध घिर गया। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पकड़कर थाने ले गई। डीसीपी राव के मुताबिक खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सुमेध को थाने ले जाया गया, तब उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था।
इसके बाद उसे मेडिकल के लिए भेजा गया। रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई और करीब 4.20 बजे डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिसर और थाने के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन कहीं भी सुमेध के साथ मारपीट होने का सबूत नहीं मिला।
बेलतरोड़ी थाने की एंट्री और एग्जिट की फुटेज और अंदर की फुटेज भी जांची गई। उसे थानेदार के चैंबर में भी ले जाया गया था, तब तक वह बिल्कुल सामान्य था। घटनास्थल का जायजा लेने के तुरंत बाद डीसीपी ने सुमेध के शव की जांच की, तो कहीं कोई चोट का निशान नहीं था। अब डॉक्टर ने हार्ट अटैक से मौत होने की जानकारी दी है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।