लंगूर ने दुकान में घुसकर नौजवान को लगाया गले, वीडियो देखकर भावुक हुए लोग
ओडिशा की एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें एक लंगूर दुकान में बैठे नौजवान को कसकर गले लगाता दिखता है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक दिल को छू लेने वाला वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें एक लंगूर और एक मोबाइल दुकानदार की अनोखी मुलाकात दिखती है। इंसान और जानवर के बीच के इस अनोखे रिश्ते को देखकर लोग कह रहे हैं कि बेजुबान जानवरों को भी प्यार की कितनी जरूरत होती है।
यह वीडियो ओडिशा की एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का है। एक लंगूर अचानक दुकान के अंदर घुस आया। वह न तोड़फोड़ करने के लिए आया था और न ही खाने की तलाश में। वह सीधे काउंटर पर बैठे दुकानदार की गोद में जा बैठा। फिर उसने दुकानदार के गले में हाथ डाले और उसे कसकर गले लगा लिया, मानो वह उसका बहुत पुराना दोस्त हो।
लंगूर के पास आते ही नौजवान थोड़ा चौंक गया था। लेकिन उसने कोई उल्टी हरकत नहीं की और शांत बैठा रहा। लंगूर भी किसी छोटे बच्चे की तरह अपना सिर और सीना उससे टिकाकर कुछ सेकंड तक चुपचाप खड़ा रहा। उसने न किसी को चोट पहुंचाई और न किसी को डराया। ऐसा लगा जैसे दो दोस्त अनगिनत सालों बाद मिले हों।
इंटरनेट पर वायरल हो रहे इस CCTV फुटेज के पीछे लता मंगेशकर का मशहूर गाना "लग जा गले" जोड़ दिया गया है। इसी वजह से वीडियो की चर्चा और भी बढ़ गई है। एक यूजर ने इसे पोस्ट करते हुए लिखा कि वह मोबाइल की दुकान में आया, चोरी करने नहीं, गड़बड़ी करने नहीं, बस गले लगने।
वीडियो देखकर सोशल मीडिया पर लोग काफी भावुक हो गए हैं। कई लोगों ने इसे "खरा प्यार" और "जादू की झप्पी" कहा है। इंसान के सब्र और जानवर की मासूमियत, दोनों की तारीफ हो रही है। वीडियो में दुकान में मौजूद एक दूसरा आदमी लंगूर को देखकर डरते हुए भागता भी नजर आता है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।