कूलपैड का नया चौड़ा स्मार्टफोन चीन में प्री-ऑर्डर पर, कीमत 15 हजार से कम
कूलपैड कूल एक्स वाइड की प्री-ऑर्डर चीन में शुरू हो गई है। फोन की सबसे बड़ी पहचान उसका चौड़ा डिस्प्ले है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी Coolpad ने हाल ही में अपना नया फोन कूलपैड कूल एक्स वाइड लॉन्च किया था। अब चीन में इस फोन की प्री-ऑर्डर शुरू हो गई है। इस फोन का डिजाइन पासपोर्ट जैसा चौड़ा है।
फोन की सबसे बड़ी खासियत उसका चौड़ा डिस्प्ले है। इसी वजह से यह बाकी स्मार्टफोन से अलग दिखता है। कंपनी का कहना है कि एंड्रॉइड स्मार्टफोन सेगमेंट में इस तरह के वाइड-स्क्रीन डिजाइन वाला फोन चर्चा का विषय बन रहा है।
कूलपैड कूल एक्स वाइड तीन वेरिएंट में लॉन्च हुआ है: 8GB + 128GB, 8GB + 256GB और 12GB + 256GB। 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 999 युआन है, यानी करीब 8,700 रुपये। 8GB + 256GB वेरिएंट 1,199 युआन का है, यानी करीब 10,500 रुपये। 12GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 1,399 युआन यानी करीब 12,200 रुपये है।
ग्राहक JD.com के जरिए इस फोन की प्री-ऑर्डर कर सकते हैं। भारत और दूसरे देशों में यह फोन कब लॉन्च होगा, इसकी जानकारी अभी तक साझा नहीं की गई है।
डिस्प्ले की बात करें तो फोन में 6.38 इंच की स्क्रीन है, जिसका आस्पेक्ट रेशियो 16:10 है। इसमें 90Hz तक का रिफ्रेश रेट सपोर्ट मिलेगा। चौड़ा डिजाइन वीडियो देखने, ई-बुक पढ़ने और दूसरे कामों के लिए अच्छा अनुभव देगा। इस फोन की चौड़ाई आम स्मार्टफोन से ज्यादा है और ऊंचाई कम है। इसी वजह से इसका डिजाइन बाजार में मौजूद लंबे और पतले फोन से अलग नजर आता है।
परफॉर्मेंस के लिए फोन में मीडियाटेक हेलियो G99 प्रोसेसर दिया गया है। साथ में एलपीडीडीआर4एक्स रैम और यूएफएस 2.2 स्टोरेज मिलेगा। डिवाइस में 12GB तक रैम और 256GB तक इंटरनल स्टोरेज होगा। TF कार्ड की मदद से स्टोरेज 256GB तक बढ़ाया भी जा सकेगा।
हेलियो G99 प्रोसेसर सिर्फ 4G नेटवर्क को सपोर्ट करता है। यानी इस स्मार्टफोन में 5G कनेक्टिविटी नहीं है।
फोटोग्राफी के लिए फोन में 50MP का कैमरा मिलेगा। इसके साथ 4,600mAh की बैटरी भी होगी। कंपनी ने फिलहाल चार्जिंग स्पीड और फ्रंट कैमरे की डिटेल्स शेयर नहीं की हैं। कूलपैड ने कूल एक्स वाइड को एक नए फॉर्म फैक्टर वाले स्मार्टफोन के तौर पर लॉन्च किया है। इससे पहले हुआवेई ने भी 'पुरा एक्स व्यू' नाम का एक वाइड-स्क्रीन स्मार्टफोन पेश किया था।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।