जॉर्जिया के सिक्स फ्लैग्ज पार्क में चलती रोलर कोस्टर से बाहर गिरे शख्स की मौत
अमेरिका के जॉर्जिया में सिक्स फ्लैग्ज ओवर जॉर्जिया अम्यूजमेंट पार्क में रोलर कोस्टर की राइड के दौरान एक व्यक्ति डब्बे से बाहर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
अमेरिका के जॉर्जिया में मशहूर अम्यूजमेंट पार्क सिक्स फ्लैग्ज ओवर जॉर्जिया में रोलर कोस्टर का हादसा हो गया। राइड चल रही थी कि एक व्यक्ति डब्बे से बाहर फेंका गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना में कुछ लोग घायल भी हुए हैं। हादसे के बाद पूरे पार्क में घबराहट फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने जो बताया, वह सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। उनके मुताबिक रोलर कोस्टर तेज रफ्तार में थी, तभी वह व्यक्ति डब्बे से बाहर फेंका गया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि नीचे गिरते हुए वह रोलर कोस्टर के डब्बे से तीन बार टकराया। उसका शरीर दूसरे यात्रियों से भी लगा। आखिर में वह हॉन्टेड हाउस की छत पर जाकर गिरा। राइड की फोटो खींची जा रही थी, इसलिए यह सारा मंजर कैमरे में कैद हो गया।
एक महिला ने कहा कि पहले सब मजे कर रहे थे, चीख रहे थे, लेकिन पल भर में सब कुछ बदल गया। मजे वाली चीखें डरी हुई चीखों में बदल गईं।
हादसे के बाद रोलर कोस्टर एक चढ़ाई पर ही अटक गई। इस वजह से पीछे के डब्बों के यात्री ऊपर ही फंसे रह गए। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सुरक्षा कर्मचारी सीढ़ी लगाकर यात्रियों को नीचे उतारते दिख रहे हैं। जिस डब्बे में हादसा हुआ, ये यात्री उसके ठीक पीछे वाले डब्बे में थे।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने बेटे के साथ राइड पर बैठा था। उसकी पत्नी और बेटी नीचे खड़ी होकर यह सब देख रही थीं। यानी हादसा उन्हीं की आंखों के सामने हुआ।
हादसा आखिर किस वजह से हुआ, यह अभी पता नहीं चला है। सीट बेल्ट में कोई गड़बड़ी थी या तकनीकी खराबी, इसकी जांच चल रही है। जांच गंभीर अपराध शाखा के अधिकारी कर रहे हैं।
हादसे के तुरंत बाद पूरा पार्क बंद कर दिया गया। सिक्स फ्लैग्ज प्रशासन ने कहा कि घटना होते ही उनके कर्मचारियों और स्थानीय पुलिस ने फौरन मदद शुरू कर दी थी और वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है।
कॉब काउंटी की कमिश्नर चेयरपर्सन लिसा क्यूपिड ने कहा कि इस पार्क ने कई पीढ़ियों को खुशी की यादें दी हैं। उन्होंने कहा कि जहां लोग मजे करने आते हैं, वहीं ऐसा हादसा होना बेहद दर्दनाक है। जिन लोगों ने यह मंजर अपनी आंखों से देखा, उन्हें कितनी तकलीफ हुई होगी, इसका अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने कहा कि वे सब इस घटना से हिल गए हैं।
इस हादसे के बाद अमेरिका के बाकी अम्यूजमेंट पार्कों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।