झगड़ा छुड़ाने पहुंचे ट्रांसपोर्टर का सिर फोड़ा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर.
भांडेवाड़ी थाने के तहत नागेश्वर नगर रेलवे ब्रिज के पास झगड़ा छुड़ाने का प्रयास करने पर कार सवार युवकों ने एक ट्रांसपोर्टर पर हमला करके सिर फोड़ दिया, पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों में आदित्य पारधी (25), यश गहीरवार (25), अनुज गुप्ता (20) और ऋषभ यादव (20) नागेश्वर नगर शामिल हैं. घायल ट्रांसपोर्टर आनंद अंबादे (40) हैं. जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर की सुबह अंबादे नागेश्वर नगर रेलवे ब्रिज के पास से गुजर रहे थे. इस दौरान कार सवार आरोपियों का टक्कर लगने की बात को लेकर एक ऑटो चालक से विवाद हो रहा था. यह देखकर अंबादे रुक गए और आरोपियों को समझाने का प्रयास करने लगे. इससे आरोपी आगबबूला हो गए. उन्होंने अंबादे को अपने झगड़े में दखल देने की बात कहकर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे. इसी दौरान यश गहीरवार ने हाथ के कड़े से हमला कर अंबादे का सिर फोड़ दिया. शिकायत के आधार पर भांडेवाड़ी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.