ह्युंदाई की नई ट्यूसॉन पहले ही दिन 15,000 से ज्यादा बुकिंग, कंपनी का पुराना रिकॉर्ड टूटा
नई ट्यूसॉन दक्षिण कोरिया में लॉन्च, पहले दिन 15,000 से ज्यादा बुकिंग।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
ह्युंदाई ने अपनी मशहूर एसयूव्ही ट्यूसॉन (Hyundai Tucson) का नया मॉडल दक्षिण कोरिया के घरेलू बाजार में लॉन्च कर दिया है। लॉन्च के पहले ही दिन ग्राहकों ने इस गाड़ी पर जमकर भरोसा दिखाया और 15,000 से ज्यादा बुकिंग दर्ज हुई।
कंपनी ने 2022 में बनाया अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। नए मॉडल की बिक्री में करीब 39 फीसदी की मजबूत बढ़त दर्ज हुई है।
नई ट्यूसॉन पहले के मुकाबले साइज में बड़ी और ज्यादा चौड़ी है, और इसका व्हीलबेस भी ज्यादा है। डिजाइन में बड़े बदलाव किए गए हैं और सवारियों के आराम का खास ध्यान रखा गया है। गाड़ी का पिछला दरवाजा अब 83 डिग्री तक खुलता है, जिससे अंदर बैठना और बाहर निकलना ज्यादा आसान हो गया है।
केबिन में 17 इंच की प्लिओस कनेक्ट सेंट्रल डिस्प्ले स्क्रीन लगी है। इसके अलावा दो स्मार्टफोन के लिए वायरलेस चार्जर, डिजिटल की, हेड्स-अप डिस्प्ले और 12 स्पीकर वाला प्रीमियम साउंड सिस्टम भी मिलता है। पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट और हीटेड रियर सीट की वजह से सफर काफी आरामदायक रहता है।
इंजन की बात करें तो यह एसयूव्ही मुख्य रूप से दो पावरट्रेन विकल्पों में मिलती है। एक 1.6 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है और दूसरा 1.6 लीटर टर्बो पेट्रोल हाइब्रिड सेटअप। पेट्रोल वेरिएंट में 8 स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है। हाइब्रिड वेरिएंट में 6 स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन, रिजनरेटिव ब्रेकिंग और ह्युंदाई की खास 'ई-मोशन' ड्राइव टेक्नोलॉजी मिलती है।
सेफ्टी के मामले में इस एसयूव्ही में 9 एयरबैग स्टैंडर्ड दिए गए हैं। साथ ही फॉरवर्ड कोलिजन अवॉइडन्स असिस्ट, लेन फॉलो असिस्ट और अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे आधुनिक ADAS फीचर भी इसमें शामिल हैं।
दक्षिण कोरिया के बाजार में इसकी शुरुआती कीमत 3.14 करोड़ कोरियन वॉन रखी गई है, जो भारतीय करेंसी में करीब 22.34 लाख रुपये बैठती है। टॉप मॉडल की कीमत करीब 26.91 लाख रुपये तक जाती है। यह कार चार वेरिएंट में आई है: H-Pick, Exclusive, XRT और Inspiration।
भारत की बात करें तो ह्युंदाई ने फिलहाल यहां ट्यूसॉन की बिक्री बंद कर रखी है। नया मॉडल भारत में कब लॉन्च होगा, इस बारे में कंपनी ने कोई अधिकृत ऐलान नहीं किया है। भारतीय ग्राहकों को कंपनी के अगले ऐलान का इंतजार करना होगा।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।