एशियाई पैरा गेम्स में पैरा-तैराक शम्स आलम शेख हिरासत में, भारत वापस भेजे गए
जापान के नागोया में एशियाई पैरा गेम्स के दौरान होटल की महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ के आरोप में भारतीय पैरा-तैराक को पुलिस ने हिरासत में लिया।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जापान के नागोया में चल रहे एशियाई पैरा गेम्स के दौरान भारतीय खेल जगत को शर्मिंदा करने वाली एक घटना सामने आई है। भारत के 40 साल के स्टार पैरा-तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख पर होटल की एक महिला कर्मचारी के साथ यौन उत्पीड़न और अश्लील बर्ताव करने का गंभीर आरोप लगा है।
इस घटना के बाद जापानी पुलिस ने उन्हें फौरन हिरासत में ले लिया। उन्हें स्पर्धा में उतारे बिना ही मंगलवार रात भारत वापस भेज दिया गया, यानी डिपोर्ट कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना सोमवार को नागोया के होटल 'फोर पॉइंट्स बाय शेराटन' में हुई, जहां भारतीय पैरा-तैराकी टीम ठहरी हुई थी। हाउसकीपिंग के काम से एक महिला कर्मचारी शम्स आलम शेख के कमरे में गई थी। आरोप है कि शेख ने उसके साथ अश्लील इशारे किए, गलत तरीके से छुआ और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
महिला कर्मचारी फौरन कमरे से बाहर निकली और अपने सीनियर्स को पूरी बात बताई। इसके बाद होटल मैनेजमेंट ने लोकल पुलिस को बुलाया। जापानी पुलिस मौके पर पहुंची, शेख को हिरासत में लिया और पुलिस स्टेशन ले गई। जापानी प्रशासन ने उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की थी।
लोकल ऑर्गनाइजिंग कमेटी ने इस घटना की जानकारी भारतीय दल के शेफ-डी-मिशन दफ्तर को दी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की मुश्किल और कानूनी पेचीदगी से बचने के लिए भारतीय दल के अधिकारियों ने पीड़ित महिला कर्मचारी और होटल प्रशासन से लिखित माफी मांगी। ऑर्गनाइजिंग कमेटी की मध्यस्थता के बाद शेख को फौरन दूसरे होटल में शिफ्ट किया गया और मंगलवार को नागोया से सीधे भारत के लिए रवाना कर दिया गया।
भारतीय दल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूरी भारतीय टीम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनामी करने के लिए भारतीय पैरालिंपिक समिति (PCI) मोहम्मद शम्स आलम शेख पर आजीवन बैन (Lifetime Ban) लगाने पर विचार कर रही है। स्पर्धा खत्म होने के बाद दिल्ली में होने वाली आधिकारिक बैठक में इस पर आखिरी फैसला लिया जाएगा।
एक भारतीय खेल अधिकारी ने कहा, "खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ध्यान देने की बजाय अधिकारियों को पुलिस स्टेशन और होटल के चक्कर काटने पड़े। इससे भारतीय दल को बेवजह परेशानी झेलनी पड़ी।"
शम्स आलम शेख मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले हैं और मुंबई की धारावी में रहते हैं। वे भारत के इंटरनेशनल पैरा-तैराक हैं। उन्होंने पहले 100 मीटर बटरफ्लाई और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में शानदार प्रदर्शन किया था। इन एशियाई पैरा गेम्स में उन्हें पदक का दावेदार माना जा रहा था, लेकिन इस घटना की वजह से उन्हें एक भी मुकाबला खेले बिना देश लौटना पड़ा है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।