EPFO का व्हाट्सऐप चैनल एक लाख फॉलोअर्स पार, पीएफ खाताधारकों को मिलेगा सीधा अपडेट
कर्मचारी भविष्य निधी संगठन ने सदस्यों और पेंशनधारकों के लिए ऑफिशियल व्हॉट्सऐप चैनल शुरू किया है, जिस पर अब एक लाख से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं।
कर्मचारी भविष्य निधी संगठन यानी EPFO ने अपने सदस्यों और पेंशनधारकों के लिए एक नई सुविधा शुरू की है। संगठन ने अपना ऑफिशियल व्हाट्सऐप चैनल लॉन्च किया है, जिस पर अब पीएफ, पेंशन सेवाओं, अलग-अलग योजनाओं और EPFO की तरफ से जारी होने वाली जरूरी अपडेट्स की जानकारी सीधे मोबाइल पर मिलेगी। इससे सदस्यों को EPFO से जुड़ी ताजा जानकारी हासिल करना पहले से आसान हो जाएगा।
EPFO का यह ऑफिशियल व्हाट्सऐप चैनल 19 अगस्त 2025 को शुरू किया गया था। सितंबर 2026 में इस चैनल ने एक लाख फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया। EPFO ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी देते हुए अपने सदस्यों का शुक्रिया अदा किया है।
यह व्हाट्सऐप चैनल EPFO से जुड़ी जरूरी जानकारी सीधे और आसान तरीके से सदस्यों तक पहुंचाने में मददगार साबित होगा। यानी अब हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए बार-बार EPFO की वेबसाइट खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
EPFO का यह ऑफिशियल चैनल फॉलो करने के लिए दो आसान तरीके दिए गए हैं। पहला तरीका है कि व्हाट्सऐप पर EPFO के ऑफिशियल चैनल की लिंक पर क्लिक करें। चैनल खुलने के बाद फॉलो के बटन पर क्लिक करते ही चैनल से जुड़ा जा सकता है। दूसरा तरीका है, EPFO ने सोशल मीडिया पर जो ऑफिशियल क्यूआर कोड शेयर किया है उसे स्कैन करना। मोबाइल के कैमरे या व्हाट्सऐप के स्कैनर से क्यूआर कोड स्कैन करने पर EPFO का व्हाट्सऐप चैनल खुल जाएगा, जिसके बाद फॉलो बटन दबाया जा सकता है।
इस ऑफिशियल चैनल पर EPFO की तरफ से जारी होने वाली अहम अपडेट्स और घोषणाएं मिलेंगी। इसमें EPF, पेंशन सेवाओं और अलग-अलग योजनाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी शामिल रहेगी। यानी अगर EPFO किसी बड़े बदलाव, नई योजना या सदस्यों के लिए काम की किसी घोषणा का ऐलान करता है, तो उसकी जानकारी इस व्हाट्सऐप चैनल से आसानी से मिल सकेगी।
एक जरूरी बात यह है कि EPFO का यह व्हाट्सऐप चैनल मुख्य रूप से जानकारी और अपडेट्स देने के लिए है। इस चैनल पर पीएफ बैलेंस चेक करना, पीएफ का पैसा निकालना या खाते से जुड़ी और सर्विस करना मुमकिन नहीं होगा। ऐसी सर्विस के लिए सदस्यों को EPFO के ऑफिशियल पोर्टल या UMANG ऐप का ही इस्तेमाल करना होगा। इसके अलावा कोई शिकायत या खाते से जुड़ी दिक्कत होने पर संबंधित EPFO ऑफिस या ऑफिशियल हेल्पलाइन से संपर्क करना जरूरी रहेगा।
EPFO का यह व्हाट्सऐप चैनल शुरू होने से पीएफ और पेंशन से जुड़ी अहम जानकारी सदस्यों तक अब पहले से आसानी से पहुंच सकेगी। खासकर नई योजनाओं, घोषणाओं और संगठन की जरूरी अपडेट्स सीधे मोबाइल पर मिल पाएंगी। कुल मिलाकर, EPFO के इस व्हाट्सऐप चैनल का मकसद जानकारी और अपडेट्स को आसानी से उपलब्ध कराना है, लेकिन खाते से जुड़े लेन-देन और सर्विस के लिए ऑफिशियल EPFO पोर्टल या UMANG ऐप का इस्तेमाल करना ही सही और सुरक्षित रहेगा।