एक बाईक पर दर्जन भर बच्चे लटके, स्कूल बैग के साथ खतरनाक सफर का वीडियो वायरल
एक बाईक पर वृद्ध चालक के साथ करीब छह-सात बच्चे सवार दिखे, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सड़क पर गाड़ी चलाते वक्त कुछ नियमों का पालन करना बहुत जरूरी होता है। मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 की धारा 128 के मुताबिक, एक बाईक चालक अपने अलावा सिर्फ एक ही सवारी को साथ बिठा सकता है। लेकिन बहुत से लोग इस नियम को नहीं मानते। कई बार तीन तो कई बार चार लोग एक साथ बाईक पर सफर करते नजर आते हैं। मगर अब जो वीडियो सामने आया है, उसने तो हद ही कर दी।
हाल ही में शेयर हुए एक वायरल वीडियो में तीन-चार नहीं, बल्कि करीब एक दर्जन बच्चे एक ही बाईक पर सफर करते दिखे। वीडियो में एक बाईकस्वार और उसके पीछे बच्चों का बड़ा समूह किसी तरह एडजस्ट होकर बैठा हुआ नजर आता है। यह घटना फिलहाल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है, और इसे लेकर सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाए जा रहे हैं।
यह वीडियो एक शख्स ने अपनी कार से शूट किया। सड़क से गुजरते वक्त उसे अपनी कार के आगे एक पूरी तरह भरी हुई बाईक जाती दिखी। बाईक पर नजारा इतना अजीब था कि उसकी नजर वहां से हट ही नहीं पाई। उसने तुरंत यह दृश्य अपने फोन के कैमरे में कैद कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
वीडियो में एक बुजुर्ग बाईकस्वार और उसके आगे-पीछे, यहां तक कि पेट्रोल की टंकी पर भी, करीब छह-सात छोटे बच्चे किसी तरह बैठे नजर आते हैं। इनमें से कुछ बच्चे बाईक के साइड में लगे फुटरेस्ट पर खड़े होकर लटकते हुए सफर कर रहे थे। बच्चों के हाथों में स्कूल के बैग भी लटके हुए दिखाई दे रहे हैं। बाईक पर यह नजारा देखकर बहुत से लोग हैरान रह गए, लेकिन यह समझना जरूरी है कि इतने सारे लोगों का एक साथ बाईक पर सफर करना असल में जानलेवा साबित हो सकता है। अगर इनमें से किसी एक का भी हाथ फिसल जाता, तो हादसा होने और बच्चों को चोट लगने की पूरी आशंका थी।
यह वीडियो @arshad_khan_886906 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और कई यूजर्स ने इसमें दिख रहे नजारे पर अपनी राय दी है। एक यूजर ने लिखा, "एक बाईक पर इतने बच्चों को बिठाना मतलब खुद के साथ-साथ दूसरों की जान को भी खतरे में डालना है।" दूसरे यूजर ने लिखा, "बाप रे, इतने लोग तो कार में भी नहीं बिठाए जाते।" वहीं एक और यूजर ने लिखा, "बच्चों की सुरक्षा का भी तो ख्याल रखना चाहिए था।"