गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

दूल्हा बनने से पहले मौत ने छीन ली जिंदगी

जुर्म PT24 टीम

डिवाइडर तोड़ पुल से नाले में गिरी कार, 29 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

नागपुर.

शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर एक परिवार की जिंदगी में कभी न भरने वाला जख्म दे गया. अंबाझरी तालाब परिसर में गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पुल से नीचे सीधे नाले में जा गिरी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस भयावह दुर्घटना में 29 वर्षीय युवक की जान चली गई. सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि मृतक की फरवरी में शादी होने वाली थी. जिस घर में कुछ महीनों बाद विवाह की खुशियां गूंजने वाली थीं, वहां अब बेटे की मौत से चीख-पुकार मची है.

डिवाइडर से टकराई कार, फिर पुल से नीचे मौत की छलांग

जानकारी के मुताबिक हादसा गुरुवार तड़के 4:30 बजे स्वामी विवेकानंद स्मारक के पास हुआ. मृतक जरीपटका निवासी 29 वर्षीय कणव अनूप सहानी है. कणव अपनी कार से अंबाझरी टी-पॉइंट से गजानन मंदिर टी-पॉइंट की दिशा में जा रहे थे. इसी दौरान अचानक कार से उनका नियंत्रण छूट गया. तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकराई और फिर पुल से नीचे नाले में जा गिरी. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना में कणव के सिर, गर्दन और हाथों में गंभीर चोटें आईं. तड़के हुए इस हादसे से परिसर में हड़कंप मच गया. हादसे की सूचना मिलते ही अंबाझरी पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे. घायल कणव को तत्काल एंबुलेंस से मेयो अस्पताल ले जाया गया. हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. एक सड़क दुर्घटना ने महज कुछ पलों में एक परिवार का सहारा और भविष्य की उम्मीद छीन ली.

चेन्नई से लौटे, दोस्तों के साथ पार्टी और फिर दर्दनाक अंत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कणव एक दिन पहले ही मीटिंग के सिलसिले में चेन्नई गए थे. वहां से लौटने के बाद दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल हुए थे. इसके बाद सुबह कार से घर लौटते समय यह हादसा हुआ. पुलिस अब दुर्घटना के समय की परिस्थितियों और कार अनियंत्रित होने के कारणों की जांच कर रही है.

फरवरी में बजने वाली थी शहनाई, घर पहुंची मौत की खबर

इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू कणव की शादी से जुड़ा है. फरवरी महीने में उनकी शादी होने वाली थी और परिवार विवाह की तैयारियों की उम्मीद में था. कणव के पिता अनूप कंस्ट्रक्शन व्यवसाय से जुड़े हैं. हादसे के वक्त माता-पिता दोनों मीटिंग के सिलसिले में दिल्ली गए हुए थे. इसी बीच उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली. जिस बेटे को दूल्हे के रूप में देखने के सपने संजोए जा रहे थे, उसकी अर्थी उठने की नौबत आ गई. अंबाझरी पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण छूटने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही सामने आएगी. इस घटना ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन