पुणे में अंडर-12 चैंप्स ट्रॉफी: लाइफफिट अकादमी ने सहारा को सात विकेट से हराया
धायरी के सहारा क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे टूर्नामेंट में लाइफफिट की लगातार दूसरी जीत हुई, कोथरूड अकादमी ने भी सहारा को आठ विकेट से हराया।
पुणे में लाइफ फिट क्रिकेट अकादमी की तरफ से करवाए जा रहे चैंप्स ट्रॉफी अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट में लाइफफिट क्रिकेट अकादमी ने लीग राउंड में लगातार दूसरा मैच जीत लिया। टूर्नामेंट धायरी के सहारा क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। वहां लाइफफिट ने सहारा क्रिकेट अकादमी को सात विकेट से हराया।
उसी दिन दूसरे मैच में कोथरूड क्रिकेट अकादमी ने भी सहारा क्रिकेट अकादमी को आठ विकेट से मात दी। टूर्नामेंट में कोथरूड की यह पहली जीत है।
पहले मैच की बात करें तो मल्हार पोतनीस की असरदार गेंदबाजी लाइफफिट की जीत की बड़ी वजह रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए सहारा क्रिकेट अकादमी ने 22 ओवर में सात विकेट खोकर 114 रन बनाए। सार्थक साळवी ने 30 रन जोड़े, विवान वाळिंबे ने 23 और माउली शिंदे ने 12 रन बनाए। लाइफफिट की तरफ से संचित को दो विकेट मिले, जबकि वीर जोशी और मल्हार पोतनीस ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
जीत के लिए 115 रन का टारगेट लेकर उतरी लाइफफिट क्रिकेट अकादमी ने 21.3 ओवर में सात विकेट गंवाकर 115 रन बना लिए और मैच अपने नाम किया। रेयांश कुलकर्णी ने 27 रन बनाए और नील राठोड ने 12 रन का योगदान दिया। सहारा क्रिकेट अकादमी की ओर से विवान वाळिंबे और आदित दाभेकर ने दो-दो विकेट लिए। बल्ले और गेंद, दोनों से अच्छा खेल दिखाने वाले मल्हार पोतनीस को मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।
दूसरे मैच में कोथरूड के अर्णव साखरशेटे की तेज गेंदबाजी छाई रही। पहले खेलने उतरी सहारा क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 59 रन पर सिमट गई। माउली शिंदे ने 17 रन बनाए। अर्णव साखरशेटे ने महज दो रन देकर तीन विकेट झटके। हरी उगळे और सनय मुतालिक ने दो-दो विकेट लेकर सहारा की पारी समेट दी।
60 रन के टारगेट का पीछा करते हुए कोथरूड क्रिकेट अकादमी ने सिर्फ 7.1 ओवर में दो विकेट खोकर 63 रन बना लिए और आसानी से मैच जीत लिया। अर्णव करंदीकर ने 29 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि ओम पवार 13 रन बनाकर नाबाद रहे। सहारा क्रिकेट अकादमी की तरफ से अन्वय कापडे को दो विकेट मिले। सटीक गेंदबाजी करने वाले अर्णव साखरशेटे को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।