बुधवार, 18 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

चीन में JLR की बिक्री सितंबर तिमाही में 45 प्रतिशत गिरी, टाटा मोटर्स की कंपनी पर दबाव

कारोबार PT24 टीम

टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली जैगुआर लैंड रोवर की चीन में बिक्री सितंबर तिमाही में 45 प्रतिशत घटी है। कंपनी अब उत्तर अमेरिका, भारत और नए इलेक्ट्रिक मॉडलों पर ध्यान दे रही है।

टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली ब्रिटिश लग्ज़री कार कंपनी जैगुआर लैंड रोवर (JLR) चीन में बिक्री गिरने से मुश्किल में है। सितंबर तिमाही में JLR की चीन में बिक्री 45 प्रतिशत घट गई। कंपनी के मुताबिक चीन की स्थानीय कार कंपनियों से मुकाबला, ग्राहकों को दी जा रही छूट और बदलती मांग का असर उसके कारोबार पर पड़ रहा है।

JLR की चीन में थोक बिक्री पिछले साल की सितंबर तिमाही के करीब 11,400 यूनिट से घटकर इस बार 6,100 यूनिट रह गई। जून तिमाही में भी चीन की बिक्री 24 प्रतिशत गिरी थी। कंपनी का कहना है कि चीन के स्थानीय ब्रांड अब टेक्नोलॉजी, इंटीरियर, डिज़ाइन और कम कीमत में ज्यादा फीचर्स देकर लग्ज़री कार बाज़ार में टक्कर दे रहे हैं।

इसका असर कंपनी के आर्थिक आंकड़ों पर भी दिखा है। FY27 की पहली छमाही में JLR का राजस्व करीब 11.9 अब्ज पाउंड रहा, जबकि कर से पहले का मुनाफा 115 मिलियन पाउंड रहा। कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन 2 प्रतिशत पर आ गया। इसी वजह से पूरे साल के लिए ऑपरेटिंग मार्जिन का अंदाज़ा घटाकर 2 से 3 प्रतिशत कर दिया गया है। कंपनी को करीब 1.25 अब्ज पाउंड का फ्री कैश आउटफ्लो भी होने की उम्मीद है।

चीन का नुकसान पूरा करने के लिए JLR उत्तर अमेरिका पर जोर दे रही है। FY27 की पहली छमाही में उत्तर अमेरिका में थोक बिक्री 45,100 से बढ़कर 54,400 यूनिट हो गई। इसी दौरान चीन की बिक्री 23,100 से घटकर 14,800 यूनिट रह गई।

भारत में कंपनी को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। जून तिमाही में JLR India ने 1,665 कारें बेचीं, जो सालाना आधार पर 11 प्रतिशत ज्यादा थीं। डिफेंडर भारत में कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही।

कंपनी अब नए मॉडलों और खर्च घटाने की योजनाओं पर काम कर रही है। रेंज रोवर इलेक्ट्रिक, रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक और जैगुआर Type 01 मॉडल न्यूयॉर्क में दिखाए गए हैं। अगले साल रेंज रोवर GT और इलेक्ट्रिक डिफेंडर के पेश होने की उम्मीद है। कंपनी की Growth, Reimagined योजना में राजस्व में दो अंकों की बढ़त और ब्रेक-इवन बिक्री का आंकड़ा 3 लाख कारों तक लाने का लक्ष्य है। रेंज रोवर इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रिक डिफेंडर के जरिए कंपनी नए ग्राहक जोड़ने की कोशिश करेगी।

#नागपुर#कारोबार#PT24#Business#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन