बिकानेर हाउस विवाद पर रेहान वाड्रा बोले, नियम और शर्तें पढ़कर चुने थे फोटो
दिल्ली के बिकानेर हाउस में होने वाली सोलो फोटो प्रदर्शनी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। रेहान वाड्रा ने कहा कि उन्होंने नियम पढ़कर फोटो चुने थे।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सोलो फोटो प्रदर्शनी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। यह प्रदर्शनी दिल्ली के बिकानेर हाउस में होनी है। बिकानेर हाउस के मैनेजमेंट ने 70 से ज्यादा फोटो हटाने को कहा, जिसके बाद अब रेहान वाड्रा का जवाब सामने आया है।
एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए रेहान वाड्रा ने कहा कि उन्होंने बिकानेर हाउस के राजनीतिक मामलों से जुड़े सारे नियम और शर्तें पढ़ी थीं। उसके बाद ही उन्होंने अपने फोटो चुने थे। उनके मुताबिक प्रदर्शनी में राजनीतिक नारेबाजी या नेताओं के फोटो भी बहुत कम थे।
रेहान ने कहा, "जो भी हुआ है, मुझे लगता है कि गलत हुआ है। यह मेरे साथ नाइंसाफी है।" उन्होंने कहा कि उन्होंने बिकानेर हाउस के साथ जितना हो सका सहयोग किया। उनका कहना है कि राजनीतिक मामलों की जो शर्त थी, उसे पढ़कर ही फोटो चुने गए। उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई राजनीतिक नारेबाजी प्रसिद्ध नहीं की और नेताओं के फोटो भी ज्यादा नहीं थे।
रेहान के मुताबिक जब बिकानेर हाउस वालों ने फोटो हटाने को कहा, तो उन्होंने जवाब दिया कि जैसा आप कहेंगे वैसा करेंगे। उन्होंने कहा कि चार-पांच फोटो हटाने हों तो जरूर हटाइए, लेकिन उसकी वजह भी बताइए। रेहान का कहना है कि उन्हें वह वजह नहीं मिली। उनके मुताबिक उनसे कहा गया कि 70 के 70 फोटो हटाने पड़ेंगे।
रेहान वाड्रा ने कहा कि एक सार्वजनिक संस्था के तौर पर बिकानेर हाउस की जिम्मेदारी है कि वह कलाकारों और कलादीर्घाओं की अभिव्यक्ति की आजादी को बनाए रखे और उसकी रक्षा करे। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि इस मामले में ऐसा कुछ नहीं हुआ।" उनकी नजर में यह अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है।
रेहान ने बताया कि उन्हें कहा गया कि उनके फोटो संस्था के नियमों के खिलाफ हैं। उनके कई फोटो इंस्टाग्राम पर भी मौजूद हैं और उनमें आम लोग ही दिखते हैं। उन्होंने माना कि ये फोटो आंदोलन के हैं, लेकिन कहा कि उनमें आम लोग ही नजर आएंगे।
रेहान का कहना है कि बिकानेर हाउस को अपने नियम और विस्तार से बनाने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि राजनीतिक सामग्री का मतलब क्या है और इसका फैसला कौन करता है। उनके मुताबिक यह भी साफ होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ज्यादातर कलाकार राजनीतिक होते हैं, इसलिए उनकी राय में ऐसे नियम रखने ही नहीं चाहिए।
उनसे पूछा गया कि क्या उनके फोटो में मामा राहुल गांधी या मां प्रियंका गांधी के फोटो हैं। इस पर रेहान ने कहा कि एक-दो फोटो में उनकी हल्की सी झलक दिखती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हर तरफ से सोचकर फोटो चुने थे, ताकि कोई विवाद न हो।
जब पूछा गया कि क्या उन्हें मां या मामा की वजह से निशाना बनाया गया, तो रेहान ने कहा कि वे इस पर कुछ नहीं कह सकते। उनके मुताबिक इसका जवाब बिकानेर हाउस वाले ही दे सकते हैं। फोटो हटाने पर उनकी मां की क्या प्रतिक्रिया थी, यह पूछने पर उन्होंने बताया कि यह जानकर मां ने उनसे कहा कि तुम्हें जो ठीक लगे वही करो।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।