बीएमडब्ल्यू की नई F 450 RR स्पोर्ट्सबाइक दुनिया के सामने आई, भारत में भी आएगी
बीएमडब्ल्यू मोटोराड ने फुली फेयर्ड स्पोर्ट्सबाइक F 450 RR पेश की है। इसका प्रोडक्शन तमिलनाडु के होसूर में टीवीएस के प्लांट में होगा।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
बीएमडब्ल्यू मोटोराड ने अपनी नई फुली फेयर्ड स्पोर्ट्सबाइक BMW F 450 RR को ग्लोबल मार्केट के सामने पेश कर दिया है। आने वाले कुछ दिनों में यह बाइक भारत समेत कई इंटरनेशनल मार्केट में बिक्री के लिए आ सकती है। F 450 RR सीरीज की यह तीसरी मोटरसाइकल है। इससे पहले एफ 450 जीएस एडवेंचर और एफ 450 आर नेकेड बाइक पेश की जा चुकी हैं।
भारतीय मार्केट में इस बाइक का मुकाबला एप्रिलिया आरएस 457, कावासाकी निन्जा 500 और केटीएम आरसी 390 से होगा।
डिजाइन की बात करें तो इसमें बीएमडब्ल्यू एस 1000 आरआर से प्रेरणा ली गई है। आगे की तरफ नीचे झुकता हुआ लुक है और पीछे का हिस्सा उठा हुआ है। इसमें स्पोर्टी फेयरिंग पैनल, क्लिप-ऑन हैंडलबार और एलईडी हेडलैंप दिए गए हैं। सिग्नेचर आरआर डे-टाइम रनिंग लाइट्स भी लगी हैं। डिजाइन को छोड़ दें तो इंजन, प्लेटफॉर्म और कई फीचर्स एफ 450 जीएस से मिलते-जुलते हैं।
इस स्पोर्ट्सबाइक में 420cc का ट्विन-सिलिंडर, लिक्विड-कूल्ड पेट्रोल इंजन है। यह इंजन 8,750 rpm पर 47 bhp पावर और 6,750 rpm पर 43 Nm टॉर्क पैदा करता है। इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स जुड़ा है। कंपनी के मुताबिक कम व्हीलबेस की वजह से तेज मोड़ों पर बाइक में बेहतर फुर्ती और स्थिरता मिलती है।
फीचर्स में 6.5-इंच का TFT डिस्प्ले, ऑल-एलईडी लाइटिंग और ABS Pro शामिल हैं। इसके अलावा डायनेमिक ब्रेक कंट्रोल, डायनेमिक ट्रैक्शन कंट्रोल और इंजन ड्रैग टॉर्क कंट्रोल भी दिए गए हैं। रेन, रोड और रेस, ये 3 राइडिंग मोड स्टैंडर्ड मिलते हैं। कंपनी का Easy Ride Clutch और Shift Assistant Pro गियर बदलते वक्त क्लच का मैन्युअल इस्तेमाल कम करने में मदद करते हैं।
इस बाइक का प्रोडक्शन तमिलनाडु के होसूर में टीवीएस मोटर कंपनी के प्लांट में किया जाएगा। बाइक में 14 लिटर का फ्यूल टैंक, 17-इंच के अलॉय व्हील और ट्यूबलेस टायर हैं। आगे KYB USD फोर्क्स हैं और पीछे एडजस्टेबल मोनोशॉक सस्पेंशन है। बेस, स्पोर्ट, एम स्पोर्ट और एम स्पोर्ट विथ इनोवेशन पैकेज, इस तरह 4 वेरिएंट पेश किए गए हैं।
भारत में लॉन्च की सही तारीख और कीमत का ऐलान अभी नहीं हुआ है। कंपनी ने तारीख नहीं बताई है, इसलिए बाइक के शौकीनों की नजर अब इसकी भारतीय कीमत पर टिकी है।