अंडर-15 विश्व कप में भारत ने कैमरून को 2-1 से हराया, लगातार दूसरी जीत
फिफा अंडर-15 विश्व कप 2026 में भारत ने रविवार को कैमरून को 2-1 से हराया। गोलकीपर जेनित निंगथौजाम ने पेनल्टी रोकी।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
फिफा अंडर-15 विश्व कप 2026 में भारतीय फुटबॉल टीम का जीत का सिलसिला जारी है। रविवार को ग्रुप के दूसरे मैच में भारत ने कैमरून को 2-1 से हरा दिया। यह टूर्नामेंट में भारत की लगातार दूसरी जीत है।
बारिश की वजह से मैदान पर हालात आसान नहीं थे, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने हिम्मत से खेलकर जीत अपने नाम की। गोलकीपर जेनित निंगथौजाम इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे। उन्होंने एक पेनल्टी समेत कई अहम बचाव किए।
मैच होवसन कॉम्पिटिशन कॉम्प्लेक्स में खेला गया। भारत को पहले ही मिनट में बढ़त मिल गई। दीपक सिंह आरामबम के कॉर्नर किक पर कैमरून के फरेल न्गोबो से गलती हो गई और गेंद उनके ही गोलपोस्ट में चली गई। इस तरह भारत 1-0 से आगे हो गया।
इसके बाद कैमरून ने तेज खेल दिखाया और भारत के गोल क्षेत्र में दबाव बनाया। लेकिन जेनित ने शानदार बचाव करके उनकी कोशिशें नाकाम कर दीं। 16वें मिनट में फ्री-किक आई, तो 17वें और 18वें मिनट में भी कैमरून को मौके मिले, और हर बार जेनित डटे रहे।
भारत ने भी बढ़त बढ़ाने की कोशिश की। 14वें मिनट में कप्तान आर. लालरेमरुआतफेला को गोल का मौका मिला, मगर कैमरून के डिफेंडर ने ऐन वक्त पर गेंद रोक ली।
20वें मिनट में कैमरून ने बराबरी कर ली। नदाम मोख्तार ने दाईं तरफ से क्रॉस दिया, जो भारत के मोहम्मद सोहिल खान से लगकर अपने ही गोलपोस्ट में चला गया। स्कोर 1-1 हो गया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, पर हाफ टाइम तक कोई टीम आगे नहीं निकल सकी।
दूसरे हाफ में भारत नए जोश के साथ उतरा। रोनांदेव अहेइबाम के मैदान में आने के बाद टीम के हमले में और धार आ गई। 27वें मिनट में रोनांदेव ने मिडफील्ड में गेंद पर कब्जा किया और दीपक को थमा दी। दीपक ने गोल क्षेत्र में सटीक लो क्रॉस दिया और कप्तान आर. लालरेमरुआतफेला ने बाएं पैर से गेंद को गोलपोस्ट की राह दिखा दी। इस गोल से भारत 2-1 से आगे हो गया।
31वें मिनट में भारत के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हुई। नारा मेइतेई लौशंबम के हाथ से गेंद लग गई और रेफरी ने कैमरून को पेनल्टी दे दी। मगर 32वें मिनट में जेनित निंगथौजाम ने हारौना अब्दौले की पेनल्टी रोक दी और भारत की बढ़त बनी रही।
मैच के आखिरी हिस्से में भी भारत हमले करता रहा। रोनांदेव के जोरदार शॉट के बाद गोलकीपर ने सौमोजित सरकार की फ्री-किक भी रोक ली। आखिर में भारत ने 2-1 से मैच जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ग्रुप में दोनों मैच जीतने वाली अकेली टीम बन गया है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।