आईआईटी खड़गपुर में शुरू होंगे पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल कोर्स, नेशनल मेडिकल कौंसिल ने दी मंजूरी
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नेशनल मेडिकल कौंसिल ने आईआईटी खड़गपुर को पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल कोर्स शुरू करने की इजाजत दी है। किसी आईआईटी को यह मंजूरी पहली बार मिली है।
आईआईटी खड़गपुर देश का पहला आईआईटी बन गया है, जहां पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल कोर्स चलाए जाएंगे। नेशनल मेडिकल कौंसिल ने इन कोर्सेस को शुरू करने की मंजूरी दे दी है। अब तक इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए जाने जाने वाले इस संस्थान में आगे मेडिकल की पढ़ाई भी होगी।
संस्थान ने मार्च में नेशनल मेडिकल कौंसिल के पास पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (एमडी) कोर्स शुरू करने के लिए अर्ज़ी दी थी। यह अर्ज़ी इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर सुमन चक्रवर्ती ने 31 मार्च 2026 को एनएमसी में दाखिल की थी। अर्ज़ी में डॉक्टर ऑफ मेडिसिन की 20 सीटों की मांग की गई थी।
इस अर्ज़ी को शिक्षा मंत्रालय का समर्थन भी मिला हुआ था। आखिरी फैसला स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय और नेशनल मेडिकल कौंसिल को लेना था। फिलहाल आईआईटी खड़गपुर के अलावा देश के किसी दूसरे आईआईटी को मेडिकल कोर्स शुरू करने की इजाजत एनएमसी से नहीं मिली है।
अक्टूबर 2026 में एनएमसी की टीम ने आईआईटी खड़गपुर के कैंपस में मौजूद मेडिकल कॉलेज का जायजा लिया था। इसके बाद ही कोर्स शुरू करने की इजाजत दी गई। टीम आईआईटी खड़गपुर के बलरामपुर कैंपस में बने श्यामा प्रसाद इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च भी गई थी। डॉक्टर ऑफ मेडिसिन के छात्र यहां हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग लेंगे।
आईआईटी खड़गपुर में दाखिला सिर्फ नीट परीक्षा के जरिए ही मिल सकेगा। संस्थान ने 20 डॉक्टरों की नियुक्ति की है, जो 2027 के सत्र में दाखिला लेने वाले छात्रों को पढ़ाएंगे।
संस्थान ने जनरल मेडिसिन के अलावा रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, फिजियोलॉजी और कम्युनिटी मेडिसिन की पढ़ाई के लिए भी एनएमसी से अर्ज़ी की थी।
पश्चिम बंगाल में आईआईटी खड़गपुर के कैंपस में बने मेडिकल रिसर्च सेंटर की नींव तब के राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने 17 मई 2007 को रखी थी। उसी मौके पर एमबीबीएस कॉलेज के साथ सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल की नींव भी रखी गई थी।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।