55 लाख का माल उठाया, 10.79 लाख दबाए
भरोसे में लाखों की चपत, भुगतान मांगने पर दी गालियां, लुधियाना के मिल मालिक पर एफआईआर
नागपुर.
पहले लाखों का माल खरीदकर कारोबारी का भरोसा जीता, फिर भुगतान में लाखों रुपये की कथित हेराफेरी कर दी. जब बकाया रकम मांगी गई तो हिसाब चुकता करने के बजाय गाली-गलौज और धमकियों का सहारा लिया गया. नागपुर में व्यापारिक विश्वास को चोट पहुंचाने वाला ऐसा ही मामला सामने आया है. लुधियाना की चिनाब डोजिया मिल्स के प्रोपराइटर चेतन टंडन पर 10.79 लाख रुपये का भुगतान रोकने और रकम मांगने पर व्यापारी को धमकाने का आरोप है. तहसील पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.
ऑनलाइन सौदा, लाखों का माल सप्लाई
शिकायतकर्ता अनिकेत राजेश सेठिया जागनाथ बुधवारी निवासी है. वह सब्लिमेशन पेपर की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करते हैं. शिकायत के अनुसार, लुधियाना स्थित चिनाब डोजिया मिल्स के प्रोपराइटर चेतन टंडन ने ऑनलाइन माध्यम से उनसे 55 लाख 90 हजार रुपये का सब्लिमेशन पेपर खरीदा था. कारोबारी सौदे के तहत अनिकेत ने माल की आपूर्ति की. 55.90 लाख रुपये के सौदे में से चेतन टंडन ने 45 लाख 11 हजार रुपये का भुगतान किया, लेकिन शेष 10 लाख 79 हजार 166 रुपये लंबे समय तक नहीं चुकाए. बकाया रकम के लिए बार-बार संपर्क करने के बावजूद भुगतान नहीं किया. जब अनिकेत सेठिया ने फोन कर बकाया रकम का तकादा किया तो चेतन टंडन ने उन्हें अश्लील गालियां दीं और देख लेने की धमकी दी. कारोबारी लेन-देन में पैदा हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है.
शिकायत और पुलिस की प्राथमिक जांच के बाद तहसील थाने में चेतन टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब माल की आपूर्ति, भुगतान के दस्तावेजों और दोनों पक्षों के बीच हुए कारोबारी लेन-देन की जांच कर रही है.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।