'चिकन लेग पीस मैन' उल्हास कामटे जिंदा हैं, मौत की खबर अफवाह; जानिए कौन हैं वे
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
हार्ट अटैक से मौत की अफवाह के बाद उल्हास कामटे ने वीडियो डालकर बताया कि वे जिंदा हैं। जानिए उनकी कहानी।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर उल्हास कामटे, जिन्हें 'चिकन लेग पीस मैन' के नाम से जाना जाता है, इन दिनों ट्रेंडिंग में हैं। सोशल मीडिया पर जोर-शोर से चर्चा चल रही थी कि उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई।
लेकिन उल्हास ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर साफ किया कि वे जिंदा हैं। उनके मुताबिक मौत की खबरें अफवाह हैं और जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह पुराना है। इससे उनके चाहने वालों ने राहत की सांस ली। पिछले चार दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया में छाए इस शख्स के बारे में लोग जानना चाहते हैं कि वे आखिर कौन हैं और इतनी शोहरत उन्हें कैसे मिली।
अफवाह की शुरुआत कुछ दिन पहले की एक घटना से हुई। उल्हास कामटे हॉरर फिल्म 'झाड़ फूंक' के प्रीमियर में गए थे। असल में वे जाना नहीं चाहते थे, क्योंकि उन्हें हॉरर फिल्मों से डर लगता है और वे इनसे बचते हैं। दोस्त के जोर देने पर वे चले गए।
फिल्म का एक डरावना सीन देखकर वे इतना घबरा गए कि वहीं बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें पैनिक अटैक आया था और वहां हड़कंप मच गया। दोस्तों ने उन्हें फौरन कोकिलाबेन अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद कुछ देर में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। उन्हें हार्ट अटैक नहीं, एंग्जायटी अटैक आया था।
अस्पताल ले जाते वक्त किसी ने उनका वीडियो बना लिया था। वही वीडियो दोबारा सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और मौत की अफवाह उड़ गई। इसके बाद उल्हास को सफाई देनी पड़ी।
उल्हास कामटे लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर हैं। इंटरनेट पर उन्हें 'चिकन लेग पीस मैन' कहा जाता है। खास अंदाज में चिकन और मटन खाते हुए उनके वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं, और इसी वजह से यह नाम उनके साथ जुड़ गया।
2018 में टिकटॉक पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे चिकन लेग पीस खाते और अपने खास स्टाइल में बोलते दिखते हैं। लोगों को यह स्टाइल इतनी पसंद आई कि वीडियो खूब फैला और वे रातोंरात घर-घर में मशहूर हो गए।
इसके बाद उनके दूसरे वीडियो भी खूब वायरल होते गए और लोकप्रियता बढ़ती गई। फूड ब्लॉगर के तौर पर उनकी पहचान बनी। इंस्टाग्राम समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके लाखों चाहने वाले हैं। सोशल मीडिया पर उनके 2 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
उन्होंने घाटकोपर में 'चिकन लेग पीस' नाम से रेस्टोरेंट शुरू किया है। बताया जाता है कि वे सोशल मीडिया से 3 से 4 लाख रुपये कमाते हैं। मुंबई में उनकी जिम है, दूसरे कारोबार भी हैं, और मनोरंजन जगत की मशहूर हस्तियों के साथ उन्होंने काम किया है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।