झाबुआ: बेटे की खुदकुशी के बाद पिता ने शव कुएं में फेंका, हादसा बताया
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
झाबुआ के खांदन गांव में पुलिस जांच में सामने आया कि युवक ने फांसी लगाकर जान दी थी। पिता ने शव कुएं में फेंककर हादसे की कहानी सुनाई। पिता के खिलाफ इस्तगासा तैयार हुआ है।
झाबुआ जिले के ग्राम खांदन में एक युवक की मौत को हादसा बताने की कोशिश पुलिस जांच में झूठी निकली। पुलिस के मुताबिक बेटे की आत्महत्या के बाद पिता ने उसका शव घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया और अगले दिन कुएं में शव मिलने की कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पिता ने सरकारी योजनाओं और मुआवजे का लाभ लेने के लिए बेटे की मौत को हादसा बताने की कोशिश की। पुलिस ने पिता भुन्डा सिंगाडिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 212 के तहत इस्तगासा तैयार किया है।
मामला 10 अक्टूबर 2026 का है। चौकी परवलिया, थाना काकनवानी के ग्राम खांदन के रहने वाले भुन्डा पिता सडिया सिंगाडिया (55) ने पुलिस को बताया था कि उनका 29 साल का बेटा बबलू सिंगाडिया घर से लापता है। बबलू 9 अक्टूबर को गुजरात के भावनगर से घर लौटा था।
अगली सुबह घर के पास स्थित कुएं में बबलू की चप्पलें दिखाई दीं। तलाश करने पर कुएं के पानी में उसका शव मिला। इसके बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 57/2026 के तहत बीएनएसएस की धारा 194 में मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बबलू की मौत का कारण फांसी लगाना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने बबलू के माता-पिता और पत्नी के बयान दर्ज किए।
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन बबलू शराब पीकर घर आया था। पत्नी से विवाद के बाद वह ऊपर के कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसी कमरे में उसने नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक बेटे की मौत का पता चलने के बाद भुन्डा ने रात में उसका शव कंधे पर उठाकर घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया। अगले दिन उसने कुएं में शव मिलने की बात बताकर इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की। पुलिस जांच में उसकी बताई कहानी झूठी निकली।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।