सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

इंदौर में 1140 वाहन चालकों के घर जाएगी यातायात पुलिस, लंबित ई-चालान की होगी वसूली

दिन की रोशनी में चौराहे पर पुलिसकर्मी चालान लिख रहे हैं, हेलमेटधारी चालक रुके हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

इंदौर यातायात पुलिस आईटीएमएस कैमरों में बार-बार नियम तोड़ते पकड़े गए 1140 वाहन चालकों के घर जाकर लंबित चालान की राशि वसूलेगी। जमा न करने पर वाहन जब्त किए जाएंगे।

इंदौर में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के लंबित चालानों की राशि लगातार बढ़ रही है, जो यातायात पुलिस के लिए चिंता की बात बन गई है। इसकी वसूली के लिए योजना बनाई गई है। पहले चरण में ऐसे वाहन चालकों की सूची बनी है, जिन्होंने 20 से 25 बार या उससे ज्यादा यातायात नियम तोड़े हैं।

ऐसे 1140 वाहन चालक सामने आए हैं। अब यातायात विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लंबित चालान की रकम वसूलने के लिए इनके घर पहुंचेंगे। पुलिस ने बिना हेलमेट, रांग साइड, रेड लाइट जंप और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर चलने जैसे उल्लंघन करने वालों की जोनवार सूची तैयार की है। इन सबकी गाड़ियां आईटीएमएस के कैमरों में कैद हुई हैं।

सूची में सबसे ज्यादा मामले जोन-1 के हैं। यहां 499 वाहन चालकों के 13,668 चालान लंबित हैं। जोन-2 में 399 वाहन चालकों के 10,494 चालान बाकी हैं। जोन-3 में 139 वाहनों के 3659 और जोन-4 में 103 वाहनों के 2734 चालान लंबित हैं। इन सभी से जुर्माने की राशि वसूल की जानी है।

यह सूची जोनवार सभी चौराहों पर भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वहां वाहन चालकों से लंबित चालान की रकम जमा कराई जा सके। यातायात पुलिस समय-समय पर ऐसी सूची बनाकर वसूली करती रही है। हालांकि संभवत: यह पहली बार है, जब यातायात विभाग रकम वसूलने के लिए वाहन चालकों के घर जाएगा।

एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार कौल के अनुसार, पिछले तीन साल में आईटीएमएस के कैमरों में लगातार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को शार्टलिस्ट किया गया है। अब यातायात पुलिस इनके घर पहुंचकर चालान की राशि वसूल करेगी। वाहन चालक चालान जमा कर देते हैं तो ठीक है, वरना उनके वाहन जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस केंद्रीय मोटरयान अधिनियम के तहत लाल बत्ती तोड़ने और रांग साइड चलने पर 500 रुपये का चालान बनाती है। हेलमेट न पहनने पर 300 रुपये का चालान बनता है। दूसरे चालान न्यायालय में चले जाएं तो वाहन चालकों से दोगुनी राशि वसूली जाती है। न्यायालय चाहे तो चालान की राशि बढ़ा भी सकता है। इसलिए वाहन चालकों को चाहिए कि चालान न्यायालय में जाने से पहले ही जुर्माना जमा कर दें।

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन