स्वच्छ सर्वेक्षण में इंदौर को दूसरा स्थान, चौकसे और बीजेपी अध्यक्ष मिश्रा में तीखी बयानबाजी
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
स्वच्छ शहर जोड़ी अवार्ड में इंदौर-देपालपुर को दूसरा स्थान मिला तो शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने महापौर को निशाने पर लिया। बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने पलटकर जवाब दिया।
स्वच्छता सर्वेक्षण के नतीजों में इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को दूसरा स्थान मिला है। इसके बाद शहर की राजनीति गरमा गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव को इंदौर के लिए पनौती बताया। जवाब में बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने चौकसे पर निशाना साधा और राहुल गांधी को पनौती कहा।
चौकसे का आरोप है कि महापौर के कार्यकाल में इंदौर ने सालों की मेहनत से हासिल किया स्वच्छता का गौरव गंवा दिया। उनके मुताबिक जब पुष्यमित्र भार्गव महापौर चुने गए थे, तब इंदौर पूरे देश में स्वच्छता की राजधानी के रूप में जाना जाता था। शहर ने इस क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी, लेकिन मौजूदा कार्यकाल में इस पहचान को नुकसान पहुंचा है। चौकसे ने कहा कि अब स्वच्छ शहर जोड़ी अवार्ड में भी इंदौर-देपालपुर की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बताया। उनका आरोप है कि महापौर के कार्यकाल में निगम ऐसा बन गया और सफाई मित्रों के हितों की लगातार अनदेखी हुई। चौकसे ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के दौरान इंदौर को स्वच्छता में मिली सफलता पर सफाई मित्रों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई थी। उनके अनुसार भाजपा सरकार और नगर निगम परिषद ने अब तक सफाई मित्रों को एक रुपये की भी प्रोत्साहन राशि नहीं दी।
चौकसे ने कहा कि इंदौर पूरे देश में मिसाल के रूप में था और वह मिसाल अभी भी है, लेकिन हमने अपनी श्रेष्ठता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि महापौर को झूठ बोलकर अपनी पीठ थपथपाने के बजाय इंदौर की जनता से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही स्वच्छता का अभियान एक बार फिर नई ताकत के साथ शुरू किया जाए।
चौकसे के बयान पर बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने पलटवार किया। मिश्रा ने कहा कि चिंटू चौकसे खुद पार्षद हैं और उन्हें शर्म आना चाहिए, क्योंकि वे भी इस परिषद का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, "ये तो वही बात हुई कि जो बाप को बाप नहीं बोल रहा, वह पड़ोसी को काका कब बोलेगा।"
मिश्रा ने दावा किया कि इंदौर स्वच्छता में नंबर वन था, है और रहेगा। उनका कहना है कि महापौर के नेतृत्व में शहर में कई विकास कार्य चल रहे हैं और कांग्रेस लगातार हार का मुंह देखती आई है। उन्होंने चौकसे से कहा कि पहले वे अपनी कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी को हटाएं, क्योंकि सबसे बड़ी पनौती वही हैं।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।