इंदौर में वैगनआर कार से 80 लाख रुपये नकद जब्त, देवास के दो किसान नहीं दिखा सके दस्तावेज
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने खड़ी कार से 80 लाख रुपये जब्त किए। कार में देवास जिले के दो लोग थे, जो नकदी के दस्तावेज नहीं दे सके। पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी है।
इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध वैगनआर कार से 80 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। कार में देवास जिले के दो लोग सवार थे। वे मौके पर नकदी से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को टीपीएस-05 मेन रोड पर फीनिक्स माल के पीछे खाली मैदान में वैगनआर कार (एमपी 09 जेडई 5088) खड़ी मिली। जांच में कार के अंदर तिलोक गामी और मनोज गामी मिले। दोनों बरखेड़ा सोमा, बागली, जिला देवास के रहने वाले हैं और खेती-किसानी करते हैं। कार की तलाशी ली गई तो उसमें 80 लाख रुपये मिले।
रकम में 500 रुपये के नोटों में 75 लाख रुपये, 200 रुपये के नोटों में दो लाख रुपये और 100 रुपये के नोटों में तीन लाख रुपये थे। पुलिस ने दोनों से नकदी के दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई प्रमाण पेश नहीं कर सके।
पूछताछ में दोनों ने रकम के बारे में अलग-अलग बातें बताईं। पहले उन्होंने कहा कि वे यह रकम बिचौली के रहने वाले सुरेश पटेल से लेकर आए हैं। बाद में उन्होंने कहा कि यह राशि बरखेड़ा-बागली क्षेत्र में जमीन बेचने से मिली है।
बयानों में साफ बात नहीं होने और दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने नियम के मुताबिक रकम को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सूचित किया गया है। जांच में रकम के स्रोत की पड़ताल की जाएगी। साथ ही जमीन बिक्री से रकम मिलने और सुरेश पटेल से लेने के दावों को भी परखा जाएगा।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।