गुरूवार, 12 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

इंदौर: फेसबुक विज्ञापन से 76 साल के रिटायर्ड शिक्षक ठगे गए, 24 घंटे में लौटे 2 लाख रुपये

जुर्म PT24 अपराध डेस्क

साइबर ठगों ने घर बैठे लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने का झांसा देकर इंदौर के एक बुजुर्ग रिटायर्ड शिक्षक के खाते से रकम उड़ाई। क्राइम ब्रांच और साइबर पुलिस ने ऑर्डर कैंसिल करवाकर पूरे पैसे लौटा दिए।

मध्य प्रदेश के इंदौर में साइबर ठगों ने घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण पत्र बनवाने का झांसा दिया और 76 साल के एक रिटायर्ड शिक्षक के खाते से दो लाख रुपये उड़ा लिए। वारदात के तुरंत बाद क्राइम ब्रांच और साइबर पुलिस की टीम हरकत में आई और 24 घंटे के अंदर ठगी गई पूरी रकम सुरक्षित वापस करवा दी।

पीड़ित शिक्षा विभाग से रिटायर हुए कर्मचारी हैं। पेंशन चालू रखने के लिए जीवन प्रमाण पत्र जरूरी होता है, इसलिए वे सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी तलाश रहे थे। इसी दौरान उन्हें फेसबुक पर एक विज्ञापन दिखा, जिसमें दावा किया गया था कि ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र घर बैठे ही तैयार हो जाएगा।

बुजुर्ग ने जैसे ही उस विज्ञापन पर क्लिक किया, साइबर जालसाजों ने उनसे संपर्क साध लिया। उन्होंने एक संदिग्ध लिंक भेजा और उस पर बैंक खाते की डिटेल व दूसरी संवेदनशील वित्तीय जानकारी भरने को कहा। जानकारी दर्ज करते ही उनके खाते से 2 लाख रुपये निकाल लिए गए।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) राजेश दंडोतिया ने बताया कि खाते से पैसे कटने की सूचना मिलते ही पीड़ित ने फौरन पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने बिना देर किए जांच शुरू कर दी।

दंडोतिया के मुताबिक जांच में तकनीकी सबूतों से पता चला कि जालसाजों ने ठगी की रकम से अलग-अलग ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन खरीदारी की थी। इन ऑर्डर्स के सामान की डिलीवरी पश्चिम बंगाल के एक पते पर मंगवाई गई थी।

यह पता चलते ही पुलिस टीम ने संबंधित ई-कॉमर्स कंपनियों से तुरंत तालमेल बिठाया और सारे ऑर्डर डिलीवरी से पहले ही रद्द यानी कैंसिल करवा दिए। इसके बाद बैंक लेनदेन को फ्रीज किया गया और पीड़ित के खाते में पूरी रकम रिफंड करवा दी गई।

पुलिस अब इस अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुटी है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन