रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

इंदौर में दिलजीत के कॉन्सर्ट की बम धमकी: देवास के युवक का हैक अकाउंट इस्तेमाल हुआ

पुराने कार्यालय में दो कर्मचारी कंप्यूटर पर काम कर रहे हैं, चारों ओर फाइलें और अलमारियां हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 अपराध डेस्क

पुलिस के मुताबिक धमकी भरे कई ईमेल में से एक देवास निवासी निखिल गुप्ता के हैक किए गए अकाउंट से भेजा गया था। सभी धमकियां फर्जी पाई गईं और साइबर टीम जांच कर रही है।

पंजाबी अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित कॉन्सर्ट में बम विस्फोट की फर्जी धमकी के मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है। जांच में पता चला कि धमकी वाले कई ईमेल में से एक पड़ोसी शहर देवास के रहने वाले एक युवक के हैक किए गए ईमेल अकाउंट से भेजा गया था। गुरुवार को पुलिस ने इस बारे में आधिकारिक जानकारी साझा की और बताया कि साइबर टीम पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडिशनल डीसीपी) राजेश दंडोतिया ने पत्रकारों को बताया कि कुछ दिन पहले शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को धमकी भरे संदेश मिले थे। ये संदेश किसी एक पते से नहीं, बल्कि अलग-अलग ईमेल अकाउंट से आए थे। इन ईमेल में दिलजीत दोसांझ के आने वाले संगीत कार्यक्रम को निशाना बनाने और बम धमाका करने की चेतावनी दी गई थी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की सघन जांच के बाद ये सभी धमकियां पूरी तरह फर्जी और भ्रामक पाई गईं।

दंडोतिया के अनुसार, इनमें से एक संदेश देवास के रहने वाले निखिल गुप्ता की ईमेल आईडी से भेजा गया था। निखिल एक निजी कंपनी में काम करते हैं। जांच में सामने आया कि उनका ईमेल अकाउंट इसी साल मार्च या अप्रैल के महीने में हैक हो गया था और वे उसे लगातार रिकवर करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने निखिल गुप्ता के बयान दर्ज कर लिए हैं।

तकनीकी जांच के दौरान इस ईमेल अकाउंट के लॉगिन रिकॉर्ड खंगाले गए। उनमें अमेरिका (यूनाइटेड स्टेट्स) का एक संदिग्ध आईपी एड्रेस मिला। जांच में यह भी साफ हुआ कि इस आईपी एड्रेस को वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) के जरिए चलाया गया था। फिलहाल पुलिस हैकिंग की इस घटना और इसके पीछे सक्रिय साइबर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

उधर, 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट के लिए आयोजकों की ओर से पुलिस प्रशासन को अनुमति का आवेदन दिया गया है। एडिशनल डीसीपी ने साफ किया कि आयोजकों के आवेदन और सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओं पर फिलहाल विचार चल रहा है।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन