बालाघाट में बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, परीक्षा की तैयारी कर रहे श्रेयांस की मौत
वारासिवनी से बालाघाट लौट रहे 28 साल के श्रेयांस तुमराने की शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया है।
बालाघाट में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 28 साल के श्रेयांस तुमराने की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा शुक्रवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हुआ। जगह वारासिवनी से बालाघाट के रास्ते में कायदी के आगे वैष्णोदेवी मंदिर के पास की है।
श्रेयांस के पिता का नाम दादूराम तुमराने है। श्रेयांस दीपावली की छुट्टी के बाद अपने घर से बालाघाट लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद उन्हें एम्बुलेंस से वारासिवनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सिर में गंभीर चोट होने की वजह से मध्यरात्रि के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
श्रेयांस परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके जीजा राहुल ने बताया कि श्रेयांस रामपायली थाना क्षेत्र के नवेगांव तीनटोला के रहने वाले थे। वे बालाघाट में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। राहुल ने कहा कि उन्हें हादसे की वजह की जानकारी नहीं है।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद शनिवार को अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया है। मर्ग डायरी संबंधित थाने भेजी जाएगी, जहां आगे की जांच होगी।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।