इंदौर में सफाई का इतिहास 130 साल पुराना, 1892 में म्युनिसिपल कमेटी ने जारी किया था सर्कुलर
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
होलकर रियासत की इंदौर म्युनिसिपल कमेटी ने जून 1892 में सफाई व्यवस्था और मेहतरों की मजदूरी पर सर्कुलर जारी किया था। इतिहासकार जफर अंसारी के मुताबिक यह शहर की स्वच्छता की संस्थागत शुरुआत थी।
स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर इंदौर का प्रदर्शन इस बार उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। पुरस्कारों की दौड़ में पिछड़ने के बीच शहर का पुराना रिकॉर्ड एक अलग तस्वीर दिखाता है। यह रिकॉर्ड बताता है कि इंदौर में सफाई की संस्थागत शुरुआत 130 साल से भी पहले हो चुकी थी, यानी यह सिर्फ आधुनिक अभियानों या पुरस्कारों की देन नहीं है।
जून 1892 में होलकर रियासत की इंदौर म्युनिसिपल कमेटी ने सफाई व्यवस्था और सफाईकर्मियों की मजदूरी को लेकर बाकायदा एक सर्कुलर जारी किया था। इतिहासकार जफर अंसारी के अनुसार 23 जून 1892 को जारी म्युनिसिपालिटी के सर्कुलर नंबर-9 में शहर की सड़कों पर झाड़ू लगाने, नालियां साफ करने और कचरा इकट्ठा करने की व्यवस्था का जिक्र है।
दस्तावेज की सबसे अहम बात यह है कि उसमें माना गया है कि उस समय मेहतर समुदाय से ये काम तो लिए जाते थे, लेकिन बदले में उन्हें कोई मजदूरी नहीं मिलती थी। इसी हालत को बदलने के लिए नगर पालिका ने घरों में शौचालयों की संख्या के आधार पर सफाई की मजदूरी तय करने का फैसला किया था।
मूल दस्तावेज मराठी में है, क्योंकि होलकर रियासत के प्रशासनिक कामकाज की प्रमुख भाषा मराठी थी। उस पर तत्कालीन प्रेसिडेंट म्युनिसिपल कमेटी बालकृष्ण आत्माराम गुप्ते के दस्तखत हैं। दस्तावेज के अंग्रेजी शीर्षक में भी साफ लिखा है कि इसका मकसद मेहतरों का पारिश्रमिक तय करना और सड़कों व नालियों की सफाई की जिम्मेदारी तय करना था।
सर्कुलर के मुताबिक सन् 1302 (फसली) से हर घर में शौचालयों की संख्या और सफाई की व्यवस्था के आधार पर मासिक भुगतान तय किया गया था। एक घर में तीन शौचालय और दो बार सफाई की व्यवस्था होने पर नौ आने प्रतिमाह देने का उदाहरण भी दर्ज है। वहीं अनाज और अफीम रखने वाले गोदामों के लिए चार आने प्रतिमाह का अलग शुल्क तय किया गया था। इससे दिखता है कि सफाई के काम को पहली बार तय भुगतान और प्रशासनिक नियमों से जोड़ने की कोशिश हुई थी।
इंदौर के इतिहास का दूसरा अहम पहलू महाराजा यशवंत राव होलकर द्वितीय के शासनकाल से जुड़ा है। जफर अंसारी म्यूजियम में उस दौर के एक सफाईकर्मी का दुर्लभ चित्र भी सुरक्षित है। विवरण के अनुसार होलकर शासन में वंचित समाज के उत्थान, शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए अहम कदम उठाए गए थे। सफाईकर्मी समाज को रियासत के सरकारी कुओं से पानी भरने, मंदिरों में जाने और महिलाओं को सोने-चांदी के गहने पहनने का अधिकार देने से जुड़े नियम भी बनाए गए थे।
अब जब इंदौर स्वच्छता के राष्ट्रीय पैमानों पर अपनी स्थिति की समीक्षा के दौर से गुजर रहा है, तब ये ऐतिहासिक दस्तावेज शहर को उसकी विरासत की याद दिलाते हैं। इंदौर की स्वच्छता यात्रा को सिर्फ पुरस्कारों और रैंकिंग से नहीं समझा जा सकता। इसकी असली विरासत उन व्यवस्थाओं, सुधारों और सफाईकर्मियों के योगदान में भी छिपी है, जिन्होंने शहर की स्वच्छता की नींव रखी। मौजूदा नतीजों के बाद होने वाली समीक्षा में इस विरासत को याद करना भी जरूरी है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।