विवो ने ग्लोबल बाजार में उतारा Y32, 8,000mAh बैटरी और 44W चार्जिंग के साथ
विवो ने चुपचाप ग्लोबल बाजार में नया स्मार्टफोन Vivo Y32 पेश किया है। इसमें 8,000mAh की बैटरी, 6.87-इंच का डिस्प्ले और 44W वायर्ड चार्जिंग मिलती है, लेकिन कीमत अभी बताई नहीं गई।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
टेक कंपनी विवो ने ग्लोबल मार्केट में चुपचाप एक नया स्मार्टफोन उतार दिया है। इस फोन का नाम Vivo Y32 है और यह कंपनी की Y-सीरीज में जुड़ा है। इससे कुछ ही समय पहले विवो ने अपने सबसे प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन Vivo X Fold 6 के साथ Vivo V80 और Vivo S2 FE को भी भारत में लाँच किया था।
Vivo Y32 की खास बात इसकी बड़ी बैटरी और हाई रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ला है। जो यूजर कम कीमत में बड़ी बैटरी वाला फोन ढूंढ रहे हैं, उनके लिए यह एक अच्छा विकल्प बन सकता है। फोन में 44W वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट के साथ 8,000mAh की बैटरी मिलेगी।
कलर की बात करें तो विवो ने Y32 को 'ट्वाइलाइट रेड' और 'सनसेट ऑरेंज' रंगों में पेश किया है। कंपनी ने इसे बांग्लादेश और नेपाल में अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर लिस्ट किया है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इस फोन की कीमत जाहिर नहीं की है।
अब फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स पर आते हैं। विवो Y32 में 6.87-इंच का एलसीडी डिस्प्ले दिया गया है। इस डिस्प्ले में 120Hz तक का रिफ्रेश रेट और 1,300 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलेगी।
फोन के अंदर यूनिसॉक T7300 चिपसेट है। इसके साथ 4GB या 6GB LPDDR4X रैम और 128GB UFS 2.2 स्टोरेज मिलेगा। स्टोरेज कम पड़े तो माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से इसे 2TB तक बढ़ाया जा सकता है।
धूल और पानी से बचाव के लिए फोन को IP68 और IP69 रेटिंग मिली है। यह स्मार्टफोन एंड्रॉइड 16 पर चलेगा और 4G कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है। 'ट्वाइलाइट रेड' वर्जन की मोटाई 8.69 मिमी और वजन 229 ग्राम है, जबकि 'सनसेट ऑरेंज' मॉडल की मोटाई 8.79 मिमी और वजन 230 ग्राम तक है।
फोटोग्राफी के लिए फोन में 50-मेगापिक्सेल का प्राइमरी रियर कैमरा मिलेगा। इसके साथ 2-मेगापिक्सेल का सेकेंडरी कैमरा भी है। फोन के सामने की तरफ 8-मेगापिक्सेल का सेल्फी कैमरा दिया गया है। इसके अलावा फोन में स्टीरियो स्पीकर और पावर बटन में ही इंटीग्रेटेड साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर भी मिलेगा।