ट्रूकॉलर और लिंक्डइन की पार्टनरशिप, अब कॉलर आईडी पर दिखेगी जॉब और कंपनी की डिटेल
कॉलर आईडी ऐप ट्रूकॉलर ने लिंक्डइन के साथ मिलकर नया फीचर शुरू किया है, जिससे यूजर्स अपनी प्रोफेशनल जानकारी कॉलिंग कार्ड पर शेयर कर सकेंगे।
कॉलर आईडी प्लेटफॉर्म ट्रूकॉलर ने लिंक्डइन के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया है। दोनों कंपनियों के इस फैसले के बाद अब यूजर्स अपने कॉलिंग कार्ड पर प्रोफेशनल डिटेल्स भी शेयर कर सकेंगे। कंपनी ने साफ किया है कि यह फीचर ऑप्शनल है, यानी हर यूजर पर यह निर्भर करेगा कि वो इसे इस्तेमाल करना चाहता है या नहीं।
इस फीचर के तहत लिंक्डइन यूजर्स को कॉलर आईडी सर्विस पर अपने लिंक्डइन-वेरिफाईड डिटेल्स शेयर करने की सुविधा मिलेगी। ट्रूकॉलर और लिंक्डइन का कहना है कि यह फैसला खोटे प्रोफाइल और फर्जी अकाउंट्स पर रोक लगाने के लिए बहुत जरूरी है। इससे ट्रूकॉलर यूजर्स के लिए और ज्यादा भरोसेमंद प्लेटफॉर्म बन जाएगा।
यह नया इंटीग्रेशन लिंक्डइन यूजर्स को ट्रूकॉलर के कॉलिंग कार्ड पर अपनी प्रोफेशनल डिटेल्स दिखाने का मौका देता है। इसके जरिए यूजर्स लिंक्डइन पर मौजूद अपना नाम और प्रोफाइल फोटो भी ट्रूकॉलर पर डिस्प्ले कर सकते हैं।
यह फीचर बेसिकली ट्रूकॉलर यूजर्स को लिंक्डइन पर वेरिफाईड होने का फायदा उठाकर सीधे अपने ट्रूकॉलर प्रोफाइल में वर्कप्लेस, ऑर्गनाइजेशन और जॉब टाइटल जोड़ने की परमिशन देता है। यह सुविधा लिंक्डइन के पुराने और नए, दोनों तरह के यूजर्स के लिए उपलब्ध है। एक बार यह डिटेल प्रोफाइल में जुड़ जाए, तो कॉल करने वाले किसी भी शख्स को यह जानकारी दिख जाएगी। इसके लिए यूजर को खुद यह सारी जानकारी ट्रूकॉलर पर जोड़कर डिस्प्ले करने का ऑप्शन चुनना होगा। इसके बाद कोई भी ट्रूकॉलर यूजर कॉलर के लिंक्डइन प्रोफाइल पर टैप करके उसके प्रोफेशनल बैकग्राउंड की जानकारी हासिल कर सकता है।
लिंक्डइन के साथ यह इंटीग्रेशन सिर्फ पुराने यूजर्स तक सीमित नहीं है। नए ट्रूकॉलर यूजर्स के लिए भी "लॉगिन विथ लिंक्डइन" का ऑप्शन मौजूद रहेगा। इस प्रोसेस के दौरान लिंक्डइन पर मौजूद नाम और प्रोफाइल फोटो जैसी जानकारी ट्रूकॉलर प्रोफाइल में शेयर हो सकती है। इसके अलावा पहले से मौजूद यूजर्स भी अपना लिंक्डइन अकाउंट ट्रूकॉलर से जोड़कर अपनी प्रोफेशनल पहचान दिखा सकते हैं।
ट्रूकॉलर ने यह भी साफ कर दिया है कि लिंक्डइन प्रोफाइल कनेक्ट करना और अपने प्रोफेशन की जानकारी देना कोई जरूरी शर्त नहीं है। यूजर्स खुद तय कर सकते हैं कि उन्हें अपना वर्कप्लेस और जॉब टाइटल कॉलर आईडी पर दिखाना है या नहीं। साथ ही, यूजर्स के पास कभी भी अपना लिंक्डइन अकाउंट ट्रूकॉलर से डिस्कनेक्ट करने का ऑप्शन भी मौजूद रहेगा।
फिलहाल ट्रूकॉलर और लिंक्डइन का यह इंटीग्रेशन दुनियाभर के एंड्रॉइड यूजर्स के लिए उपलब्ध किया जा रहा है। कंपनी की जानकारी के मुताबिक, आईफ़ोन यूजर्स के लिए यह सुविधा कुछ समय बाद जारी की जाएगी। यानी अभी केवल एंड्रॉइड पर ट्रूकॉलर इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को ही लिंक्डइन-वेरिफाईड प्रोफेशनल पहचान अपने कॉलर आईडी के साथ जोड़ने का ऑप्शन मिलेगा।