थाईलैंड का यह मंदिर पूजा के लिए नहीं, फोटोशूट के लिए मशहूर
वॉट अरुण नाम के इस मंदिर में लोग पारंपारिक थाई पोशाक पहनकर फोटोशूट करने आते हैं, दर्शन के लिए नहीं
मंदिर सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में भक्ति, पूजा-पाठ और इतिहास की तस्वीर बनती है। लेकिन थाईलैंड में एक ऐसा मंदिर है जो इन सब वजहों से नहीं, बल्कि फोटोशूट के लिए मशहूर है। आमतौर पर मंदिरों के अंदर फोटो-वीडियो खींचने पर पाबंदी होती है, मगर यहां लोग खासतौर पर फोटो और वीडियो बनाने ही जाते हैं।
इस मंदिर का नाम है वॉट अरुण। यहां घूमने आने वाले लोग पारंपारिक कपड़े पहनकर फोटो और वीडियो खींचते हैं। आजकल सोशल मीडिया के दौर में सुंदर जगहों पर पारंपारिक लुक में फोटोशूट कराने का चलन खूब बढ़ा है, और थाईलैंड में यह जगह इसी वजह से पॉपुलर हो गई है। अगर कभी थाईलैंड जाने का प्लान बने, तो इस जगह पर जाना मिस नहीं करना चाहिए।
इस मंदिर के बारे में वीडियो बनाने वाले एक कंटेंट क्रिएटर ने बताया कि यहां का अनुभव बाकी मंदिरों से बिल्कुल अलग है। वीडियो में दिखाया गया कि यहां लोग दर्शन करने नहीं, बल्कि पारंपारिक थाई पोशाक और गहनों में सज-धजकर सिर्फ फोटो खिंचवाने आते हैं। क्रिएटर ने वीडियो में कहा, "भाई! क्या जगह है यह! एक ऐसा मंदिर जहां लोग पूजा नहीं करते, बल्कि फैशन शो लगाते हैं।" क्रिएटर ने खुद भी थाईलैंड की पारंपारिक ड्रेस और गहने पहने और पोज देकर इस अनोखे मंदिर का अनुभव लिया।
वीडियो के मुताबिक, मंदिर के बाहर ही फोटोशूट के लिए कपड़े और गहने किराए पर मिल जाते हैं। ये चीजें किराए पर लेकर लोग अपना पूरा लुक तैयार कर सकते हैं और मंदिर के खूबसूरत परिसर में अपना फोटोशूट पूरा कर सकते हैं। मंदिर के अंदर फोटोशूट के लिए अलग से कोई पैसा नहीं लिया जाता, यानी कपड़े और गहनों का किराया देने के बाद फोटोशूट फ्री में हो जाता है।
हालांकि वीडियो के कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा कि यहां फोटोशूट बिल्कुल मुफ्त नहीं है। उस यूजर ने क्रिएटर से कहा कि लोगों को गुमराह न करें। यूजर के दावे के मुताबिक, यहां 30 मिनट के लिए 600 बाहत और एक घंटे के लिए 1000 बाहत चार्ज किया जाता है। इसे रुपये में बदलने के लिए इस रकम को 3 से गुणा करना होगा। इसके अलावा कपड़ों के लिए महिलाओं से 250 बाहत और पुरुषों से 200 बाहत चार्ज किया जाता है।