सीएम के निजी निवास से कुछ दूरी पर मिला हथियार तस्कर
दो माउजर-14 कारतुस बरामद, काफी समय से सक्रिय, क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
नागपुर.
क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी दल ने हथियार तस्करों का रैकेट चलाने वाले अपराधी को गिरफ्तार किया है. धरमपेठ स्थित मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निजी निवास के चंद कदमों की दूरी पर यह अपराधी क्राइम ब्रांच के हत्या चढ़ा है. उससे दो माउजर, 14 कारतुस और चार खाली मैगजीन बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपी योगेश यादवलाल सिरिया (28) गवलीपुरा, सदर है.
योगेश सिरिया मुलत: एमपी के मंडला का निवासी है. उसे पहले भी हथियारों की तस्करी में पकड़ा गया है. वह अपराधी आकाश थापा के साथ हथियारों की तस्करी करता है. आकाश थापा को 29 अगस्त को तीन माउजर और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था. आकाश फिलहाल नागपुर जेल में बंद है. आकाश की गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस योगेश को खोज रही थी. सूत्रों के अनुसार योगेश माउजर और कारतूस लेकर धरमपेठ स्थित तिकोनी पार्क के पास घूम रहा था. इसका पता चलने पर क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी विरोधी दल ने तिकोनी पार्क के पास दबिस दी. पुलिस टीम को देखकर योगेश भागने लगा. पुलिस टीम ने पीछा करके उसे दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसके पास दो माउजर, 14 कारतूस और चार खाली मैगजीन मिली. वह एक्टिवा पर सवार होकर वहां आया था. पुलिस ने हथियार, एक्टिवा और दो मोबाइल सहित 1.30 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया. तिकोनी पार्क से चंद कदमों की दूरी पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का निजी निवास है. योगेश इतनी भारी मात्रा में माउजर और कारतूस लेकर परिसर में घूम रहा था. यह सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक है. सूत्रों के अनुसार योगेश पहले एमडी की तस्करी भी करता था. योगेश को गिरफ्तार कर उसके रैकेट से जुड़े लोगों का पता लगाया जा रहा है. यह कार्रवाई एसीपी वैभव जाधव के मार्गदर्शन में पीआई दिलीप चंदन, हवलदार रोशन तिवारी, नितिन वर्मा, विलास कोकाटे, अजय शुक्ला, राहुल कुसरामे, अभय ढोणे, किशोर सोमकुवर तथा विवेक कावडकर ने की.