Samsung Galaxy S26 भारत में 12 हजार रुपये तक महंगा हो सकता है, स्टोरेज वेरिएंट्स की कीमत बढ़ने का दावा
एक टिपस्टर के दावे के मुताबिक सैमसंग गैलेक्सी S26 के दोनों स्टोरेज वेरिएंट्स की कीमत भारत में 12 हजार रुपये तक बढ़ सकती है, कंपनी ने अभी कोई ऐलान नहीं किया है।
सैमसंग भारत में अपने गैलेक्सी S26 की कीमत बढ़ाने की तैयारी में है। मिली जानकारी के मुताबिक कंपनी के इस मॉडल के दोनों स्टोरेज वेरिएंट्स की कीमत में इजाफा हो सकता है। यह दावा एक टिपस्टर की तरफ से आया है, जिसका कहना है कि दोनों वेरिएंट्स की कीमत 12,000 रुपये तक बढ़ सकती है।
यह कथित दरवाढ ऐसे वक्त पर सामने आई है जब सैमसंग के दूसरे फ्लैगशिप और फोल्डेबल मॉडल्स की कीमत में भी बढ़ोतरी की चर्चा चल रही है। गैलेक्सी S26 अल्ट्रा, गैलेक्सी Z फोल्ड 8 और गैलेक्सी Z फोल्ड 8 अल्ट्रा की कीमतों में भी इजाफे की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इन बदलावों की अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। सैमसंग ने इनमें से किसी भी कथित दरवाढ का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
टिपस्टर संजू चौधरी (@saaaanjjjuuu) ने एक पोस्ट में दावा किया है कि सैमसंग गैलेक्सी S26 की कीमत भारत में बढ़ा सकता है। इस पोस्ट के मुताबिक 12GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 87,999 रुपये से बढ़कर 99,999 रुपये हो सकती है, जबकि 12GB + 512GB मॉडल की कीमत 1,07,999 रुपये से बढ़कर 1,19,999 रुपये तक जा सकती है।
सैमसंग की आधिकारिक वेबसाइट पर फिलहाल गैलेक्सी S26 के 12GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 79,999 रुपये और 12GB + 512GB मॉडल की कीमत 99,999 रुपये दिख रही है। यह खबर लिखे जाने तक ये कथित नई कीमतें कंपनी की वेबसाइट पर नजर नहीं आई हैं।
गैलेक्सी S26 अल्ट्रा के भी महंगा होने की खबर सामने आई है। इसी टिपस्टर ने यह भी कहा है कि गैलेक्सी S26 अल्ट्रा की कीमत जल्द ही भारत में iPhone 18 Pro जितनी हो सकती है। एप्पल के इस नए प्रो मॉडल की शुरुआती कीमत भारत में 1,64,900 रुपये है, जबकि सैमसंग के फ्लैगशिप मॉडल की मौजूदा शुरुआती एमआरपी 1,39,999 रुपये है। गैलेक्सी Z फोल्ड 8 और गैलेक्सी Z फोल्ड 8 अल्ट्रा की कीमतों में भी बढ़ोतरी की बात कही जा रही है, पर इसकी भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। नई कीमतें कब से लागू होंगी, इसकी तारीख भी अभी तय नहीं है।
इस बीच सैमसंग ने भारत में गैलेक्सी Z फोल्ड 8 अल्ट्रा और गैलेक्सी Z फोल्ड 8 के लिए 24 महीने का एक नया पेमेंट ऑप्शन भी लॉन्च किया है, जिसे 'गैलेक्सी फॉरएवर' नाम दिया गया है। इस स्कीम के तहत ग्राहक फोन की कीमत का 60 प्रतिशत हिस्सा EMI के जरिए चुकाते हैं, जबकि बाकी 40 प्रतिशत रकम टर्म के आखिर तक टाल दी जाती है। इससे गैलेक्सी Z फोल्ड 8 अल्ट्रा की मासिक EMI 9,417 रुपये से घटकर 6,997 रुपये हो जाती है, वहीं गैलेक्सी Z फोल्ड 8 की EMI 8,584 रुपये से घटकर 6,416 रुपये रह जाती है।