रेत ओवरलोडिंग की शिकायत की बात लिखी तो व्यवसायी से मारपीट, चार आरोपियों पर केस
हुड़केश्वर पुलिस ने रेत व्यवसायी अक्षय भोयर से मारपीट के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नागपुर में एक रेत व्यवसायी को व्हाट्सऐप ग्रुप में यह लिखना महंगा पड़ गया कि वह रेत से ओवरलोड गाड़ियों की शिकायत पुलिस से करेगा। संदेश से नाराज चार रेत व्यवसायियों ने उसे मिलने बुलाया और वहां जमकर पीटा। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त की भी आरोपियों ने पिटाई कर दी। हुड़केश्वर पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों में बड़ा ताजबाग निवासी अमोल भोदे (38), म्हालगीनगर निवासी सागर बरडे (35), पवन महाजन (30) और निखिल ढबाले (32) शामिल हैं। घटना में अयोध्यानगर निवासी अक्षय गजानन भोयर (37) और उनका दोस्त सुमित घायल हुए हैं।
अक्षय, अमोल, सागर और पवन रेत के कारोबार से जुड़े हैं। रेत व्यवसायियों में आपसी तालमेल के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप बना हुआ है। रविवार रात करीब 8.30 बजे अक्षय अपने दोस्त के साथ टेलीफोन एक्सचेंज चौक पर खाना खा रहे थे। उसी वक्त ग्रुप में रेत की गाड़ियों को लेकर बातचीत चल रही थी।
अक्षय ने ग्रुप में लिखकर आरोप लगाया कि तय 9 ब्रास की जगह कुछ व्यापारी 11 से 12 ब्रास रेत लोड कर रहे हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि अगर ओवरलोडिंग इसी तरह चलती रही तो वह पुलिस में शिकायत करके गाड़ियां पकड़वा देंगे।
इस संदेश पर अमोल भड़क गया और ग्रुप में ही अक्षय से गालीगलौज करने लगा। इसके बाद अक्षय को उमरेड रोड पर विहिरगांव बाइपास पर मिलने के लिए बुलाया गया।
रात करीब 10.30 बजे अक्षय अपने दोस्त सुमित के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अमोल, सागर, पवन और निखिल ने गालीगलौज करते हुए अक्षय के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच पवन ने सड़क से पत्थर उठाकर अक्षय के सिर पर हमला कर दिया, ऐसा आरोप है। अक्षय को बचाने के लिए सुमित बीच में आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
शिकायत मिलने के बाद हुड़केश्वर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।