रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक की बुकिंग शुरू, कंपनी का दावा एक चार्ज में 609 किमी रेंज
जगुआर लैंड रोवर ने रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक की बुकिंग शुरू की, कंपनी का दावा एक चार्ज में 609 किमी।
जगुआर लैंड रोवर यानी JLR ने अपनी लग्जरी SUV रेंज रोवर स्पोर्ट का इलेक्ट्रिक मॉडल पेश कर दिया है। कंपनी ने इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है। रेंज रोवर स्पोर्ट लाइनअप में यह पहला इलेक्ट्रिक मॉडल है और कंपनी ने दमदार परफॉर्मेंस के साथ लंबी रेंज पर जोर दिया है।
इस इलेक्ट्रिक SUV में 118.5kWh क्षमता का बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के दावे के मुताबिक एक चार्ज में यह कार 609 किलोमीटर तक की क्लेम्ड रेंज दे सकती है। इसमें ड्युअल मोटर ऑल व्हील ड्राइव यानी AWD सेटअप मिलता है।
ड्युअल मोटर सेटअप के साथ यह SUV 550 HP पावर और 850 Nm टॉर्क पैदा करती है। कंपनी का कहना है कि रेंज रोवर स्पोर्ट के मॉडलों में यह सबसे ज्यादा टॉर्क आउटपुट है। यह कार सिर्फ 4.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इलेक्ट्रिक पावरट्रेन में टॉर्क तेजी से मिलता है, इसलिए ड्राइविंग का अनुभव और दमदार होने की उम्मीद है।
रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक को JLR के 800V Flexible Modular Longitudinal Architecture पर बनाया गया है। इस प्लेटफॉर्म की वजह से SUV में तेज चार्जिंग की सुविधा मिलती है। यह 350kW DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी के दावे के मुताबिक बैटरी 10% से 80% तक चार्ज होने में सिर्फ 22 मिनट लगते हैं। सिर्फ 10 मिनट चार्ज करने पर कार को 220 किलोमीटर तक की रेंज मिल सकती है।
बैटरी पैक पर कंपनी 8 साल या 1.6 लाख किलोमीटर की वारंटी देगी। प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV खरीदने वालों के लिए बैटरी वारंटी एक अहम मुद्दा रहेगा।
डिजाइन में पेट्रोल-डीजल यानी ICE मॉडल की पहचान बनी रखी गई है। बाहर का लुक काफी हद तक रेंज रोवर स्पोर्ट के पारंपरिक वर्जन जैसा ही है। इसलिए इलेक्ट्रिक होने के बावजूद SUV की प्रीमियम और स्पोर्टी पहचान बरकरार रहती है। इंटीरियर में भी ICE मॉडल से काफी समानता दिखती है। इसमें 13.1 इंच की इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन और 13.7 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। दोनों स्क्रीन पर इलेक्ट्रिक वाहन से जुड़े खास मेन्यू मिलेंगे।
फीचर्स की बात करें तो तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील पर टच-सेंसिटिव कंट्रोल्स मिलेंगे। इसके अलावा 4-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस फोन चार्जर, पावर्ड सीटें, हीटेड और वेंटिलेटेड सीटें और रियर सनब्लाइंड्स जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं।
भारत में लॉन्च की बात करें तो यह SUV अगले साल मार्च में लॉन्च होने की संभावना है। भारत में इसकी संभावित कीमत करीब Rs 2.5 करोड़ हो सकती है। यानी यह लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV बाजार के महंगे और हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक मॉडलों में जगह बनाने की तैयारी में है।