पोखरा के पास स्कूल बस खाई में गिरी, पांच लोगों की मौत
नेपाल के कास्की जिले में शुक्रवार सुबह कालिका इंग्लिश बोर्डिंग स्कूल की बस सड़क से नीचे गिरी। बस में 19 लोग सवार थे और हादसे की वजह अभी साफ नहीं है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नेपाल के पोखरा शहर के पास शुक्रवार सुबह एक स्कूल बस का भयानक हादसा हो गया। बस सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी और इसमें पांच लोगों की जान चली गई। यह हादसा कास्की जिले में पोखरा महानगरपालिका के वार्ड नंबर 28 के ओखलेको भीर इलाके में सुबह करीब 6.20 बजे हुआ।
नेपाल के अधिकारियों के मुताबिक यह बस कालिका इंग्लिश बोर्डिंग स्कूल की थी। कास्की जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख, पुलिस अधीक्षक नवीन कार्की ने पुष्टि की कि इस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। हादसे के वक्त बस में कुल 19 लोग थे। इनमें 17 स्कूली बच्चे थे, एक दूसरा यात्री था और एक ड्राइवर। बस खाई में कैसे गिरी, इसका सही कारण अभी तक सामने नहीं आया है।
कास्की के मुख्य जिला अधिकारी कुमान सिंह गुरुंग ने बताया कि बस में बैठे ज्यादातर बच्चे दसवीं क्लास के थे। वे ट्यूशन क्लास के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
नेपाल में सड़क हादसे पिछले कुछ सालों में बढ़े हैं। देश में गाड़ियों की गिनती भी लगातार बढ़ती जा रही है। सरकारी आंकड़ों के हिसाब से वित्त वर्ष 2024-25 में नेपाल में सड़क हादसों के 7,669 मामले दर्ज हुए। इन हादसों में 1,900 लोगों की जान गई, जबकि 278 हादसे गंभीर किस्म के थे।
विश्व बैंक की एक स्टडी के मुताबिक 2007 के बाद से नेपाल में सड़क हादसों में लगने वाली चोटों का आर्थिक खर्च तीन गुना हो गया है। यह खर्च देश की सकल राष्ट्रीय आय (जीएनपी) के 1.5 प्रतिशत तक पहुंच गया है। स्टडी में यह भी कहा गया है कि इन हादसों की सबसे ज्यादा मार गरीब और कमजोर तबके पर पड़ती है।
बढ़ते हादसों को रोकने के लिए नेपाल सरकार ने प्रतिनिधि सभा में रोड सेफ्टी बिल पेश किया है। इस बिल का मकसद सड़क सुरक्षा से जुड़ी अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाना, हादसे रोकना और निगरानी का इंतजाम मजबूत करना है। साथ ही हादसों से होने वाली जनहानि और आर्थिक नुकसान को कम करना भी इसका मकसद है।
बिल में सुरक्षित सड़कें, गाड़ियों की सुरक्षा, रफ्तार पर काबू, सड़क इस्तेमाल करने वालों की हिफाजत, हादसे के बाद राहत और बचाव के साथ इलाज, बीमा और मुआवजे जैसे मुद्दे शामिल किए गए हैं।