शादी के बाद ही हुई थी रंजिश
केटी नगर में जानलेवा हमले की वारदात, सूत्रधार साथियों सहित फरार
नागपुर.
पूर्व पत्नी से शादी किए जाने के बाद चल रही रंजिश में गिट्टीखनन थाने के तहत केटी नगर में वसीम अख्तर पर जानलेवा हमला किया गया था. गिट्टीखदान पुलिस ने वारदात के एक आरोपी अरमान खान को गिरफ्तार किया है. उसका साथी शाहनवाज यूनुस खान और नाबालिग फरार है. 9 अक्टूबर की रात 43 वर्षीय वसीम अख्तर केटी नगर मैदान के पास से जा रहे थे. तभी आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया था. चाकू लाठी और पत्थर से वार करके गंभीर जख्मी कर दिया था. केटी नगर शांतिप्रिया इलाका होने से परिसर के निवासियों में खलबली मच गई थी. गिट्टीखदान पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर अरमान को गिरफ्तार किया है. वारदात का सूत्रधार शाहनवाज है. शाहनवाज ने अपनी पहली पत्नी को तलाक दिया है. इसके बाद उसकी पत्नी ने वसीम से शादी कर ली थी. इसके बाद से ही वसीम और शाहनवाज के बीच रंजिश चल रही थी.इस रंजिश के चलते ही वसीम पर जानलेवा हमले किए जाने का पता चला है. गिट्टीखदान पुलिस शाहनवाज और उसके साथियों की खोज कर रही है.