फोन में छिपे ऐप्स कैसे पकड़ें, प्ले स्टोर और सेटिंग से मिनटों में लगेगा पता
बच्चों या पार्टनर ने फोन में कोई ऐप छिपाकर तो नहीं रखा, इसका पता लगाने का आसान तरीका।
फोन में कोई ऐप छिपाकर रखना कई बार काम की चीज लगती है, क्योंकि इससे प्राइवेट या जरूरी ऐप्स को दूसरों की नजर से बचाया जा सकता है। मगर यही फीचर कई बार परेशानी की वजह भी बन जाता है, खासकर उन पैरेंट्स के लिए जिनके बच्चे उनकी जानकारी के बिना फोन में कुछ ऐप्स छिपाकर इस्तेमाल करते हैं। कई बार ये छिपे हुए ऐप्स बच्चों के लिए खतरनाक भी साबित हो सकते हैं। अगर किसी को शक है कि उसका बच्चा या पार्टनर फोन में कोई ऐप छिपाकर रख रहा है, तो इसे पकड़ने के दो आसान तरीके हैं, पहला ऐप स्टोर के जरिए और दूसरा फोन की सेटिंग के जरिए।
एंड्रॉइड फोन में छिपे ऐप्स ढूंढने का सबसे पहला तरीका है गूगल प्ले स्टोर पर जाकर चेक करना। कोई ऐप भले ही होम स्क्रीन या ऐप ड्रॉवर से हटा दिया गया हो, अगर वह साइडलोड नहीं किया गया है तो प्ले स्टोर पर वह जरूर दिखेगा। इसके लिए फोन में गूगल प्ले स्टोर खोलें, ऊपर दाहिने कोने में अपनी प्रोफाइल पर क्लिक करें, फिर मैनेज ऐप्स एंड डिवाइसेस पर जाएं और मैनेज टैब पर टैप करें। ध्यान रहे कि सबसे ऊपर डिवाइस सेलेक्ट किया हुआ हो, तभी सही लिस्ट दिखेगी।
आईफ़ोन में यह प्रोसेस थोड़ा अलग है। इसके लिए ऐप स्टोर खोलकर स्क्रीन के दाहिनी तरफ प्रोफाइल फोटो पर क्लिक करना होगा। इसके बाद Your Apps ऑप्शन चुनें, यहां फोन में डाउनलोड किए गए सारे ऐप्स की लिस्ट दिख जाएगी। एक बात याद रखनी जरूरी है कि ऐप स्टोर पर सिर्फ उन्हीं ऐप्स के आगे ओपन बटन दिखता है जो फिलहाल फोन में इंस्टॉल हैं, जिन ऐप्स के आगे डाउनलोड बटन दिख रहा हो, समझ लीजिए वे पहले ही अनइंस्टॉल किए जा चुके हैं।
ऑफिशियल ऐप स्टोर के अलावा फोन की सेटिंग में जाकर ऐप्स की लिस्ट देखना भी छिपे ऐप्स पकड़ने का आसान तरीका है। इससे डिवाइस पर मौजूद सभी ऐप्स दिख जाते हैं, वे भी जो जानबूझकर छिपाए गए हों। कंपनी के हिसाब से ये ऑप्शन थोड़े अलग हो सकते हैं। गूगल पिक्सेल या मोटोरोला फोन में सेटिंग खोलकर ऐप्स ऑप्शन पर जाएं और ऊपर सी ऑल पर क्लिक करें। सैमसंग फोन में सेटिंग से ऐप्स ऑप्शन चुनकर फिल्टर आइकन पर क्लिक करें और इंस्टॉल्ड बाय यू सेलेक्ट करें, इससे डाउनलोड किए गए ऐप्स की लिस्ट दिख जाएगी। आईओएस में छिपे हुए ऐप्स सीधे ऐप्स पेज पर नहीं दिखते, बल्कि हिडन ऐप्स मेन्यू में छिपे होते हैं। ये ऐप लाइब्रेरी के नीचे मौजूद हिडन ऐप्स फोल्डर में भी मिल सकते हैं, लेकिन इन्हें खोलने के लिए फेस आईडी या पासकोड की जरूरत पड़ती है।