पंजाब किंग्स के दो कोच हैडिन और होप्स ने छोड़ी टीम, पोंटिंग पर नए स्टाफ की जिम्मेदारी
आईपीएल 2027 से पहले पंजाब किंग्स के कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल हुआ है। फील्डिंग कोच ब्रैड हैडिन और तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने फ्रैंचाइजी छोड़ दी है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
आईपीएल 2027 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और उससे पहले हर फ्रैंचाइजी में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। पंजाब किंग्स से भी अब एक बड़ी खबर आई है। टीम के कोचिंग स्टाफ में लगातार बदलाव हो रहे हैं।
फील्डिंग कोच ब्रैड हैडिन और तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने पंजाब किंग्स की टीम छोड़ दी है। इससे पहले साईराज बहुतुले ने हाल ही में पंजाब को अलविदा कहा था। अब पंजाब के कोचिंग स्टाफ में सिर्फ रिकी पोंटिंग ही बचे हैं।
होप्स और रिकी पोंटिंग ने साथ मिलकर काफी काम किया है और दोनों दिल्ली कैपिटल्स टीम का भी हिस्सा रहे थे। दूसरी तरफ हैडिन कुछ साल पहले पंजाब किंग्स से जुड़े थे। अब दोनों ने टीम छोड़ने का फैसला किया है। खबरों के मुताबिक ब्रैड हैडिन और जेम्स होप्स ने हाल ही में फ्रैंचाइजी को अपने फैसले की जानकारी दी है। पंजाब को अगले साल के आईपीएल से पहले अब तीन नए कोच ढूंढने होंगे।
मुख्य कोच रिकी पोंटिंग पर अब बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। नए सपोर्ट स्टाफ को चुनने का काम उन्हीं के हाथ में रहेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फ्रैंचाइजी पोंटिंग के संपर्क में है और संभावित उम्मीदवारों पर बातचीत चल रही है। मैनेजमेंट कुछ नाम सुझा सकता है, लेकिन आखिरी फैसला पोंटिंग का ही होगा। खबरों के मुताबिक पंजाब दिसंबर से पहले अपने नए कोचों के नाम का ऐलान कर सकता है।
हैडिन और जेम्स होप्स की नजर अब बीबीएल यानी बिग बैश लीग पर है। खबरों के मुताबिक इन दोनों को बिग बैश लीग में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।
आईपीएल 2026 के बाद पंजाब को पहले ही एक बड़ा झटका लग चुका है। स्पिन कोच साईराज बहुतुले ने तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद उन्होंने भारतीय टीम की स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली। बहुतुले आईपीएल 2026 से पहले पंजाब से जुड़े थे। सुनील जोशी के जाने के बाद उनकी नियुक्ति की गई थी।
अगले साल के आईपीएल से पहले पंजाब में और भी बड़े बदलाव हो सकते हैं। फ्रैंचाइजी कौन से तीन अनुभवी लोगों को कोच के तौर पर टीम में लाती है, यह देखना अभी बाकी है।