सोम‌वार, 2 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

नशे की खुमारी में करता था चोरियां

जुर्म PT24 टीम

डॉक्टर के घर पर बोला था धावा, 42.79 लाख के जेवर के साथ गिरफ्तार

नागपुर के बजाज नगर इलाके में हुई लाखों रुपये की घरफोड़़ी की वारदात का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है. सुरेंद्रनगर में रहने वाले एक डॉक्टर के बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और नकदी चोरी करने वाले लष्करीबाग, पांचपावली निवासी 19 वर्षीय करण मेश्राम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस वारदात में करण का एक नाबालिग साथी भी शामिल था. उसे भी बंदी बनाया गया है. पुलिस ने आरोपियों से करीब 42 लाख 79 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं. नशे की लत पूरी करने के लिए आरोपी ने चोरी का रास्ता अपनाया था.

यह मामला बजाज नगर पुलिस थाना क्षेत्र के सुरेंद्रनगर का है. यहां रहने वाले 40 वर्षीय डॉक्टर अतुल केशवराव कापसे अपने परिवार के साथ भुवनेश्वर गए हुए थे. घर पर ताला लगा होने का फायदा उठाकर चोरों ने उनके मकान को निशाना बनाया. आरोपियों ने दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी समेत लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोरी गए सामान की कीमत करीब 7 लाख 16 हजार रुपये थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर क्राइम ब्रांच के घरफोड़़ी विरोधी दस्ते ने जांच शुरू की. पुलिस निरीक्षक दिलीप चंदन के मार्गदर्शन में टीम ने गुप्त सूचनाओं, तकनीकी जांच और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने करण मेश्राम को गिरफ्तार किया. उसके नाबालिग साथी को भी बंदी बनाया गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार करण मेश्राम का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसे नशे की लत है और इसी लत को पूरा करने के लिए उसने नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों से 296 ग्राम सोने के जेवर और 624 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं. बरामद जेवरों की कीमत 42 लाख 79 हजार रुपये है. करण मेश्राम को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बजाज नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है. पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे