नागपुर में गांजा तस्करी पर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, 1.30 किलो गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार
महेश सांगोले हिरासत में, Rs 75 हजार का माल जब्त; तीन अन्य संदिग्धों की तलाश जारी
नागपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ अपराध शाखा के अमली पदार्थ विरोधी पथक ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 1 किलो 300 ग्राम गांजा और मोबाइल फोन सहित कुल 75 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कपिलनगर पुलिस थाना क्षेत्र के कामगार नगर परिसर में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास, नाले के किनारे टिन के शेड के सामने की गई। इस मामले में 40 वर्षीय महेश श्रीराम सांगोले, निवासी तक्षशिला नगर, घाट के पास, नारी गांव को हिरासत में लिया गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस इस मामले में मिराज अली उर्फ पप्पू मोहम्मद यूनुस अंसारी, निवासी कामगार नगर, नदीम उर्फ बाबा अंसारी और बबलू नामक व्यक्ति की तलाश कर रही है।
इस प्रकरण में कपिलनगर पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका और गांजे की आपूर्ति से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।