बेलतरोडी से चोरी हुई Rs 18 लाख की JCB बरामद,
मध्य प्रदेश से 5 आरोपी गिरफ्तार क्राइम ब्रांच यूनिट-4 की कार्रवाई; JCB और 5 मोबाइल समेत Rs 18.50 लाख का माल जब्त
नागपुर शहर के बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र से चोरी हुए करीब 18 लाख रुपये कीमत के JCB वाहन को क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी से बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से चोरी का JCB और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 18 लाख 50 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात करीब जगन्नाथ नगर स्थित संस्कृति सोसायटी के प्लॉट नंबर-1 पर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाला JCB खड़ा किया गया था। 9 अक्टूबर की रात अज्ञात आरोपी उसे चोरी कर ले गए। इस मामले में बेलतरोड़ी पुलिस थाने में अपराध दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में चोरी का JCB और आरोपी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी में होने की जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस की एक टीम कटंगी पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी का वाहन बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में
रेहान खान, आशीष सहारे, सचिन गौतम,
अफरोज खान और
देवेंद्र सहारे सभी बालाघाट निवासियों का समावेश है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी हुई जेसीबी सहित पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 18.50 लाख रुपये बताई जा रही है। आगे की जांच के लिए आरोपियों और जब्त माल सहित बेलतरोड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।