सोम‌वार, 19 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
20:31 IST

नागपुर में 'दृश्यम' जैसी वारदात! प्रेमिका की हत्या कर हिंगणा में दफनाया शव

24 घंटे तक कार की डिक्की में रखी लाश, खाली मकान में गड्ढा खोदकर ऊपर बिछाई फरशी; मोबाइल कॉल डिटेल से खुला राज, 49 वर्षीय शिक्षक गिरफ्तार

नागपुर/चंद्रपुर: फिल्म 'दृश्यम' की तर्ज पर हत्या के बाद शव छिपाकर पुलिस को गुमराह करने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है। चंद्रपुर में प्रेमिका की हत्या करने के बाद आरोपी शिक्षक ने शव को करीब 24 घंटे तक कार की डिक्की में रखा। इसके बाद वह शव को नागपुर के हिंगणा स्थित अपने वर्षों से खाली पड़े मकान में ले गया और गड्ढा खोदकर दफना दिया। शक से बचने के लिए उसने गड्ढे के ऊपर फरशी भी बिछा दी। हालांकि, मोबाइल कॉल डिटेल और तकनीकी जांच के आधार पर चंद्रपुर पुलिस ने आरोपी संतोष भगवान साखरकर (49) को गिरफ्तार कर लिया।

विवाद के बाद हत्या का आरोप

मृतका की पहचान चंद्रपुर निवासी वैशाली विलास टिपले (45) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वैशाली और संतोष के बीच प्रेम संबंध थे। 14 अक्टूबर को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान संतोष ने किसी भारी वस्तु से वैशाली की छाती पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को कार की डिक्की में छिपा दिया।

हिंगणा के खाली मकान में दफनाया शव

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को आरोपी शव लेकर चंद्रपुर से नागपुर के हिंगणा स्थित आधार नगरी क्षेत्र में पहुंचा। उसने अपने वर्षों से खाली पड़े मकान के पीछे बने एक कमरे में गड्ढा खोदा और शव को दफना दिया। इसके बाद गड्ढे के ऊपर फरशी बिछा दी, ताकि किसी को शक न हो। फिर वह वापस चंद्रपुर लौट गया।

मोबाइल फोन फेंककर जांच भटकाने की कोशिश

पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने मृतका का मोबाइल फोन रेलवे की एक सुरंग में फेंक दिया, ताकि जांच को गुमराह किया जा सके। वैशाली के लापता होने की शिकायत मिलने पर चंद्रपुर पुलिस ने जांच शुरू की। मोबाइल से जुड़े सुराग और कॉल डिटेल की पड़ताल के दौरान पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में संतोष ने हत्या की बात स्वीकार की और हिंगणा में शव दफनाने की जानकारी दी।

आधी रात खुदाई में मिला शव

17 अक्टूबर की रात चंद्रपुर पुलिस आरोपी को लेकर हिंगणा पहुंची। स्थानीय पुलिस और तहसील प्रशासन की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर खुदाई की गई। कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। रात करीब डेढ़ बजे गड्ढे से वैशाली का शव बरामद हुआ। पंचनामा करने के बाद शव चंद्रपुर पुलिस को सौंप दिया गया।

तकनीकी जांच से खुला मामला

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शव छिपाने और मोबाइल फोन को ठिकाने लगाने सहित कई कदम उठाकर जांच से बचने की कोशिश की। हालांकि, मोबाइल कॉल डिटेल और तकनीकी जांच से मामले का खुलासा हुआ। आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है और चंद्रपुर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे