नागपुर: घर खर्च को लेकर हुए विवाद में बेटे ने पिता को पेचकस से गोदा, मौत
नागपुर के लकडगंज इलाके में घर खर्च के मुद्दे पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया, तीन दिन बाद पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई।
नागपुर के लकडगंज पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले गंगाबाई घाट, गरोबा मैदान इलाके में घर खर्च को लेकर बाप-बेटे के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। गुस्साए बेटे ने पेचकस उठाकर अपने पिता के पेट में गोद दिया। गंभीर हालत में घायल हुए पिता का इलाज के दौरान तीसरे दिन निधन हो गया।
मृतक का नाम बबलू सहारे (उम्र 56) बताया जा रहा है। इस मामले में लकडगंज पुलिस ने उनके बेटे तुषार सहारे (उम्र 23) को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने तुषार को 23 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेजा है। मिली जानकारी के मुताबिक बबलू सहारे आरा मशीन पर काम करते थे और अपनी पत्नी ममता (उम्र 45) तथा बेटे तुषार के साथ रहते थे। तुषार की शादी हो चुकी थी और वह घर से ही साइन बोर्ड बनाने का काम करता था। बबलू की इच्छा थी कि अब बेटा बड़ा हो गया है तो वह भी घर खर्च में हाथ बंटाए।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि खासतौर पर बिजली का बिल भरने के लिए पैसे देने की बात पर दोनों के बीच अक्सर तकरार होती रहती थी। 16 सितंबर की रात करीब 10 बजे इसी बात पर पिता-पुत्र के बीच फिर झगड़ा हुआ। शराब के नशे में धुत बबलू ने तुषार का गला दबा दिया। इसी झटापट के दौरान तुषार ने पास पड़ा पेचकस उठाकर बबलू के पेट में गोद दिया, जिससे बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए।
खून से लथपथ हालत में बबलू को इलाज के लिए घर के पास के अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल जाने की सलाह दी। इसके बाद अगले दिन उन्हें मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के बाद परिवार वाले बबलू को घर ले आए, लेकिन 19 सितंबर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत इलाज के लिए शताब्दी चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शाम 6 बजे उनकी मौत हो गई। ममता सहारे की शिकायत पर लकडगंज पुलिस ने तुषार के खिलाफ सदोष मनुष्यवध (गैर इरादतन हत्या) का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।