मुंबई लोकल में दरवाजे पर खड़े होने को लेकर मारपीट, चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर गिरा यात्री
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
चर्चगेट से विरार जा रही फास्ट लोकल में दो यात्री भिड़ गए और मारपीट के बीच एक यात्री मुंबई सेंट्रल पर चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर गिर गया। धीमी रफ्तार से उसकी जान बची।
मुंबई की लोकल ट्रेनों में रोज लाखों लोग सफर करते हैं और इसी वजह से उसे शहर की लाइफलाइन कहा जाता है। लेकिन भीड़ और छोटी-छोटी बातों पर यात्रियों के बीच झगड़े रुकने का नाम नहीं ले रहे। ताजा मामला शुक्रवार रात का है, जब चर्चगेट से विरार की तरफ जा रही एक फास्ट लोकल में यात्रियों के बीच जमकर मारपीट हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की है। चर्चगेट से छूटी विरार फास्ट लोकल जब ग्रांट रोड और मुंबई सेंट्रल स्टेशन के बीच थी, तब दो यात्रियों में दरवाजे पर खड़े होने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। वजह बहुत मामूली थी, फिर भी बहस तेज होती गई और कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। दोनों यात्री एक-दूसरे को बुरी तरह मारने लगे।
झगड़ा बढ़ ही रहा था कि लोकल मुंबई सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म से गुजरने लगी। इसी दौरान मारपीट में एक यात्री अचानक चलती लोकल से सीधे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा। गनीमत यह रही कि लोकल स्टेशन में दाखिल हो रही थी और उसकी रफ्तार धीमी थी। इसी वजह से यात्री गंभीर हादसे से बाल-बाल बच गया और बड़ा नुकसान टल गया।
डिब्बे में मौजूद दूसरे यात्रियों ने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद मुंबई लोकल में यात्रियों की सुरक्षा और बढ़ते झगड़ों का सवाल फिर से गंभीरता से उठ गया है।
यात्रियों की मांग है कि रेलवे प्रशासन ऐसे हुड़दंगी यात्रियों पर सख्त कार्रवाई करे और लोकल के डिब्बों में पुलिस की सुरक्षा बढ़ाई जाए।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।