मारुती सुझुकी की स्विफ्ट, डिझायर और बलेनो में अब CNG के साथ AMT गियरबॉक्स भी
मारुती सुझुकी ने अपनी तीन पॉपुलर कारों में CNG AMT वैरिएंट उतारे, कीमत 7.92 लाख रुपए से शुरू।
मारुती सुझुकी ने अपनी CNG कारों की रेंज में एक बड़ा अपडेट किया है। कंपनी ने स्विफ्ट, डिझायर और बलेनो में अब CNG के साथ-साथ AMT गियरबॉक्स का ऑप्शन भी दे दिया है। यानी अब तक जो ग्राहक CNG कार सिर्फ मैन्युअल गियरबॉक्स में ही ले पाते थे, उनके पास अब ऑटोमैटिक गियरबॉक्स वाली CNG कार लेने का भी रास्ता खुल गया है।
ये नए CNG AMT वैरिएंट कंपनी के नए Auto Green Mission प्रोग्राम के तहत लाए गए हैं। इसमें कंपनी की S-CNG टेक्नोलॉजी को AMT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
कीमत की बात करें तो नई स्विफ्ट CNG AMT की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.92 लाख रुपए रखी गई है। डिझायर CNG AMT की कीमत 8.53 लाख रुपए और बलेनो CNG AMT की कीमत 8.32 लाख रुपए है। कंपनी ने साफ किया है कि लॉन्च के वक्त बताई गई ये कीमतें फेस्टिव और इंट्रोडक्टरी ऑफर के तहत हैं, यानी आगे चलकर इनमें बदलाव हो सकता है।
माइलेज के मामले में तीनों कारों में डिझायर सबसे आगे निकली है। कंपनी का दावा है कि डिझायर CNG AMT 36.47 किलोमीटर प्रति किलो का माइलेज देती है। स्विफ्ट CNG AMT का दावा किया गया माइलेज 35.34 किमी/किग्रा है, जबकि बलेनो CNG AMT का 34.47 किमी/किग्रा है। इससे साफ है कि कंपनी की कोशिश रोजाना के इस्तेमाल के लिए बेहतर माइलेज और साथ ही ऑटोमैटिक ड्राइविंग का आराम, दोनों एक साथ देने की रही है।
AMT गियरबॉक्स आने से खासकर शहर के ट्रैफिक में बार-बार क्लच और गियर बदलने की झंझट कम हो जाती है। इसके अलावा मारुती सुझुकी ने CNG सिस्टम में IGS फंक्शन का इस्तेमाल करते हुए फ्यूल एफिशिएंसी को भी बेहतर बनाने पर ध्यान दिया है। कंपनी का मानना है कि इस नए ऑप्शन से CNG कार चलाने का एक्सपीरियंस पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।
बता दें कि मारुती सुझुकी के पास देश के सबसे बड़े फैक्ट्री-फिटेड S-CNG पोर्टफोलियो में से एक है। वैगनआर, सेलेरियो, स्विफ्ट, डिझायर, बलेनो, फ्रॉन्क्स, ब्रेझा, अर्टिगा और XL6 जैसी कारों में CNG ऑप्शन पहले से मौजूद है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने करीब 7.46 लाख CNG कारें बेचीं, जो पिछले साल के मुकाबले 22 फीसदी ज्यादा है। अब स्विफ्ट, डिझायर और बलेनो में AMT जुड़ने से CNG कार खरीदने वाले ग्राहकों के पास एक और ऑप्शन आ गया है।